यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ नगर निगम लखनऊ ने कर बकाया न चुकाने पर शुक्रवार, 20 फरवरी 2026 को बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ प्रोड्यूसर्स कोऑपरेटिव मिल्क यूनियन लिमिटेड (पराग डेयरी) से जुड़े बैंक खातों को कुर्क कर सीज कर दिया। यह कार्रवाई वित्तीय वर्ष 2025-26 तक के बकाया कर की वसूली के लिए की गई है।
नगर निगम के अनुसार डायरेक्टर पराग डेयरी के नाम दर्ज भवन संख्या है, जिसपर कुल 82,84,597 रुपये का कर बकाया है। जोनल अधिकारी श्री विकास सिंह ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कर का भुगतान नहीं किया गया। बकाया वसूली के लिए पहले नियमानुसार बिल और डिमांड नोटिस जारी किए गए थे। इसके साथ ही संबंधित संस्था से व्यक्तिगत स्तर पर संपर्क कर भुगतान करने का अनुरोध भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद बकाया राशि जमा नहीं की गई।
अपर नगर आयुक्त डॉ अरविंद कुमार राव ने बताया कि उ.प्र. नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 509 से 516 के तहत निगम को बकाया कर की वसूली के लिए चल और अचल संपत्ति को कुर्क करने का अधिकार है। इसी प्रावधान के तहत लखनऊ प्रोड्यूसर्स कोऑपरेटिव मिल्क यूनियन लिमिटेड के दो बैंक खातों को कुर्क और सीज कर दिया गया।
यह कार्रवाई अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव के आदेश पर जोन-8 के जोनल अधिकारी श्री विकास सिंह, कर निर्धारण अधिकारी श्री दिव्यांशु पाण्डेय, कर अधीक्षक श्री राम अचल व श्री सुरेन्द्र सिंह तथा राजस्व निरीक्षक श्री राजा भैया द्वारा की गई। अधिकारियों ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए बैंक को खाते सीज करने के निर्देश दिए।