यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को एक व्यापक और सघन अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर की गई, जिसका उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना है।
जोन-3 क्षेत्र में जोनल अधिकारी श्री मनोज यादव के निर्देशन में नगर निगम की 296 टीम द्वारा कपूरथला चौराहे से मिडलैंड अस्पताल की पार्किंग तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रूप से कब्जा की गई पार्किंग को खाली कराया गया। साथ ही गोल मार्केट से मिडलैंड अस्पताल तक और ध्येय कोचिंग, विद्यांचल मार्ग पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग 20 दुकानों को हटाया गया। इसके अतिरिक्त 2 काउंटर जब्त किए गए तथा करीब 2000 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
वहीं, जोन-6 में जोनल अधिकारी श्री अमरजीत यादव के नेतृत्व में वार्ड भवानीगंज के मोहल्ला मेंहदीगंज क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इंद्रियावाली मस्जिद से गणेशपुरी कॉलोनी के आसपास तक फैले अवैध अस्थायी अतिक्रमण को हटाते हुए 13 ठेले, 4 काउंटर और 10 अस्थायी दुकानों को हटवाया गया। साथ ही 1 लोहे की सीवी और 2 फ्लेक्स बोर्ड समेत अन्य सामान भी जब्त किया गया। इस पूरे अभियान में कर अधीक्षक श्री विजय शंकर, कर निरीक्षक श्री धर्मदेव, 296 टीम एवं क्षेत्रीय पुलिस बल की सक्रिय भागीदारी रही।