यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने वृक्षारोपण स्थल,शास्त्रीपुरम ब्लॉक-डी पार्क का किया निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा,विशाल जनसहभागिता के साथ 12 जुलाई, रविवार को जनपद में होगा वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 संपन्न
वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के सफल आयोजन हेतु जनपद के मा.जनप्रतिनिधिगण के साथ नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव डॉ.हरिओम जी रहेंगे मौजूद
निरीक्षण में सीडीओ श्रीमती प्रतिभा सिंह,अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री आजाद भगत सिंह, डीएफओ राजेश कुमार रहे मौजूद
समस्त आगरा जनपद के विभिन्न स्थानों पर वन विभाग द्वारा कुल 19 लाख पौधे सहित विभिन्न विभागों द्वारा कुल 53 लाख 94 हजार पौधों का किया जायेगा रोपण
आगरा वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के दृष्टिगत जिलाधिकारी मनीष बंसल ने आज शास्त्रीपुरम डी-ब्लॉक स्थित प्रस्तावित पौधारोपण स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने पौधारोपण हेतु गड्ढों की खुदाई कार्य में तेजी लाने, स्थल को विभिन्न थीम आधारित खंडों में विकसित करते हुए औषधीय एवं हर्बल पौधों, पोषण वाटिका तथा फलदार पौधों का रोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को पहुंच मार्गों की समुचित साफ-सफाई कराने, आगंतुकों एवं जनप्रतिनिधियों के बैठने की समुचित व्यवस्था करने, मंच निर्माण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को जनसहभागिता के साथ भव्य एवं सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सौंपे गए दायित्वों का समय से निर्वहन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि बारह जुलाई (रविवार) को शास्त्रीपुरम डी-ब्लॉक में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मा.केंद्रीय राज्यमंत्री एस.पी. सिंह बघेल कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह जी सहित जनपद के जनप्रतिनिधिगण तथा शासन द्वारा नामित जनपद के नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग डॉ. हरिओम जी की गरिमामयी उपस्थिति में वृक्षारोपण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनपद में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत वन विभाग द्वारा लगभग 19 लाख पौधों सहित विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 53 लाख 94 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। अभियान के प्रभावी संचालन हेतु ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित तहसीलों के उपजिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि नगरीय क्षेत्रों में विभिन्न विभाग प्रशासनिक समन्वय के साथ व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण सुनिश्चित करेंगे।