यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी के निर्देश पर 200 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वच्छता कर्मियों ने किया श्रमदान
लखनऊ: नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी के निर्देश पर जोन 1 के अंतर्गत बैकुंठधाम रोड से लक्ष्मण मेला घाट रोड तक वृहद स्तर पर विशेष स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण अभियान चलाया गया। जोन 1 के ज़ोनल ऑफिसर श्री ओमप्रकाश जी के नेतृत्व एवं एलएसए के रिजनल डायरेक्टर श्री अभय रंजन जी की अध्यक्षता में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करना, सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देना तथा नागरिकों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
*सड़कों की सफाई, यांत्रिक धुलाई और खरपतवार हटाने का कार्य*
अभियान के दौरान सड़क एवं फुटपाथों की व्यापक सफाई कराई गई। इसके साथ ही यांत्रिक मशीनों से मार्गों की धुलाई की गई, जिससे क्षेत्र की स्वच्छता और बेहतर हो सके। सड़क किनारे उगी जंगली घास एवं खरपतवारों की वैज्ञानिक पद्धति से कटाई कराई गई तथा उनकी दोबारा वृद्धि रोकने के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप खरपतवारनाशी (वीडिसाइड) का छिड़काव भी किया गया।
*छठ घाट परिसर में हुआ पौधरोपण*
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अभियान के दौरान छठ घाट परिसर में पौधरोपण किया गया। अधिकारियों ने कहा कि हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
*200 से अधिक लोगों ने किया श्रमदान*
इस विशेष अभियान में एसएफआई (SFI) श्री संजीव जी, प्रोजेक्ट हेड श्रीमती आकांक्षा दीक्षित, ज़ोनल अधिकारी (LSA) श्री हिमांशु शुक्ला जी, एचआर हेड श्री सैय्यद अली जाफ़री जी तथा सुदीक्षा फाउंडेशन के श्री शिवम पांडे एवं उनकी टीम सहित 200 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वच्छता कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए श्रमदान किया। सभी ने मिलकर अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।