यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
– एक सप्ताह में व्यवस्था में सुधार करने व घर-घर सर्वे और कूड़ा मुक्त जोन बनाने के दिए निर्देश
लखनऊ। लखनऊ नगर निगम द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्त ने जोन-3 कार्यालय में संबंधित अधिकारियों एवं लखनऊ स्वच्छता अभियान के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, डोर-टू-डोर कलेक्शन और वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
*निर्धारित समय पर होगा कूड़े का उठान*
अपर नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से 2:30 बजे के बीच सभी कूड़ाघरों से कूड़े का उठान सुनिश्चित करते हुए उसे शिवरी प्लांट तक पहुंचाया जाए। निर्धारित समय के बाद किसी भी स्थान पर कूड़ा पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने सफाई व्यवस्था में समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
*डालीगंज वार्ड और खुले पड़ावघरों के लिए विशेष कार्ययोजना*
बैठक में जोन-3 के अंतर्गत डालीगंज वार्ड को लखनऊ स्वच्छता अभियान (LSA) के तहत संचालित किए जाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, क्षेत्र में खुले में स्थित पड़ावघरों को पूरी तरह समाप्त कर वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था लागू करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।
*एक सप्ताह में पूरा होगा घर-घर सर्वे और वार्डवार मैपिंग*
लखनऊ स्वच्छता अभियान के रीजनल डायरेक्टर श्री अभय रंजन को निर्देशित किया गया कि जोन-3 के सभी घरों का सर्वे और वार्डवार मैपिंग का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा किया जाए। इससे डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।
*सुबह 6 बजे से सफाई कर्मियों की उपस्थिति होगी सुनिश्चित*
अपर नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि सफाई कार्य में लगे सभी कर्मी प्रतिदिन सुबह 6 बजे से अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहें। साथ ही, क्षेत्रीय सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से उपस्थित रहकर सफाई कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
*डोर-टू-डोर कलेक्शन में सहयोग न करने वालों पर होगी कार्रवाई*
डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के दौरान कूड़ा न देने वाले और नियमों का पालन न करने वाले घरों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए संबंधित जोनल अधिकारियों एवं सफाई अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
*वर्षा ऋतु को देखते हुए जलभराव रोकने के पुख्ता इंतजाम*
नगर अभियन्ता-3 द्वारा जानकारी दी गई कि जोन-3 में संभावित जलभराव वाले छह स्थानों पर विभिन्न क्षमता के डी-वाटरिंग पम्प स्थापित किए गए हैं, जो वर्तमान में पूरी तरह कार्यरत हैं। अपर नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
*स्थलीय निरीक्षण में चिन्हित स्थानों पर विशेष सफाई अभियान के निर्देश*
बैठक के बाद अपर नगर आयुक्त ने जोन-3 के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सेक्टर-ए अलीगंज, इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने सर्विस लेन, रेलवे लाइन के किनारे, सेक्टर-एफ जानकीपुरम विस्तार, कर्बला एवं कब्रिस्तान के सामने, जानकीपुरम एमआरएफ सेंटर के सामने तथा आईआईएम से घैला जाने वाले मुख्य मार्ग पर कुछ स्थानों पर कूड़ा एवं मलबा एकत्र पाया गया।
इन सभी स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर पूर्ण सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, डिवाइडरों पर जमा कूड़े एवं मलबे को हटाने तथा खुले में कूड़ा डाले जाने की प्रथा को पूरी तरह समाप्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
*कूड़ा मुक्त जोन-3 बनाने के लिए मांगी गई अनुपालन रिपोर्ट*
अपर नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि जोन-3 के सभी चिन्हित स्थलों एवं खुले पड़ावघरों को पूरी तरह कूड़ा मुक्त बनाकर उसकी फोटोग्राफ सहित अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि जोन में एक हफ्ते के अंदर अधिकारी व संबंधित कार्यदायी संस्था एलएसए व्यवस्था को और बेहतर कर लें। सुधार नहीं होने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।