यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर जोन-4 में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई
लखनऊ। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर बुधवार को नगर निगम जोन-4 की टीम द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ करीब 04 घंटे तक लगातार अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी जोन-4 श्रीमती शिल्पा कुमारी जी के नेतृत्व में नगर निकाय निदेशालय से प्लासियो मॉल के गेट नंबर-6 होते हुए इकाना स्टेडियम के गेट नंबर-3 तक अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने वाले रेहड़ी-पटरी दुकानदारों एवं फूड कोर्ट संचालकों के साथ ही गंदगी फैलाने और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कार्रवाई के 60 से अधिक चालान काटकर 01 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
नगर निगम टीम द्वारा संबंधित दुकानदारों एवं संचालकों को सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
अभियान के दौरान जोन-4 के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तथा ईटीएफ की टीम मौजूद रही। नगर निगम द्वारा अतिक्रमण एवं गंदगी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा।