यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
लखनऊ महिला सम्मान और सशक्तीकरण के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए भाजपा महिला मोर्चा ने शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महिला सशक्तीकरण की बात करने वाले कांग्रेस नेताओं को अपने बयानों और आचरण के बीच का अंतर स्पष्ट करना चाहिए।
भाजपा महिला मोर्चा ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से जुड़े एक मामले का उल्लेख करते हुए कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजाम पर लगे आरोपों और जांच समिति से संबंधित मीडिया रिपोर्टों को लेकर कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा। महिला मोर्चा ने सवाल उठाया कि महिला अधिकारों की बात करने वाली कांग्रेस ने इस प्रकरण में अब तक क्या कदम उठाए हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाए और पार्टी अपना पक्ष स्पष्ट करे।
**महिला सम्मान पर कांग्रेस के रवैये को लेकर उठाए सवाल**
महिला प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कांग्रेस पार्टी को अपने आचरण से भी इसे साबित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय होनी चाहिए। महिला सम्मान किसी राजनीतिक दल का चुनावी नारा नहीं, बल्कि समाज के स्वाभिमान और नैतिक जिम्मेदारी का विषय है।
महिला मोर्चा ने राहुल गांधी के ‘स्मैशिंग द पैट्रियार्की’ संबंधी बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को यह स्पष्ट करना चाहिए कि महिलाओं के अधिकारों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता कितनी गंभीर है। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में महिला पुलिस अधिकारी के साथ कथित झड़प से जुड़े वीडियो का हवाला देकर भी राहुल गांधी के आचरण पर सवाल उठाए।
**प्रियंका और सोनिया गांधी से भी मांगा स्पष्टीकरण**
भाजपा महिला मोर्चा ने प्रियंका गांधी वाड्रा और सोनिया गांधी से भी इस मामले में कांग्रेस का पक्ष स्पष्ट करने की मांग की।
महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेतृत्व से संबंधित मामले में उचित कार्रवाई करने और महिला सम्मान के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग दोहराई।
विरोध प्रदर्शन में महिला मोर्चा अवध क्षेत्रीय अध्यक्ष श्वेता सिंह, मंत्री रेशु भाटिया, महानगर महिला मोर्चा अध्यक्ष सीता नेगी, अर्चना साहू, सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गण उपस्थित रहें।