यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
लखनऊ, सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 28 से 31 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सबसे ऊंचे सरदार’ कार्यक्रम के संदर्भ में बुधवार को हजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट में भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर पिछड़ा मोर्चा के तत्वावधान में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व, कृतित्व, राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनके ऐतिहासिक योगदान पर चर्चा की गई।
संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और क्षेत्रीय अध्यक्ष नीरज कटियार की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा लखनऊ महानगर पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष किशन कुमार लोधी ने की।
राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने सरदार वल्लभभाई पटेल को देश की एकता और अखंडता का महान शिल्पकार बताते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और देशहित के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और मजबूत नेतृत्व से देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देते हैं।
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने देश को एक सूत्र में पिरोने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि ‘सबसे ऊंचे सरदार’ कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और आमजन तक सरदार पटेल के राष्ट्रवादी विचारों, त्याग और अदम्य साहस को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा लखनऊ महानगर पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष किशन कुमार लोधी ने कहा कि सरदार पटेल का योगदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज में एकता, समरसता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना हम सभी का दायित्व है।
अवध क्षेत्र भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री श्री अवधेश कटियार जी ने कहा भारतीय जनता पार्टी की ओर से 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय अध्यक्ष नीरज कटियार ने ‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और अखंड भारत का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि संगोष्ठी में महामंत्री सतेंद्र सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री अवधेश कटियार, पिछड़ा मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी साकेत शर्मा, महामंत्री राम शंकर राजपूत, दीपू जायसवाल, दीपक साहू, रामजी कनौजिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।