यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
(बाढ़ के बाद स्वच्छता और सुरक्षा पर जोर, फैजुल्लागंज में विकास कार्यों को मिलेगी गति: मुकेश शर्मा एवं डॉ. नीरज बोरा)
लखनऊ। रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह की प्रेरणा से इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन की ओर से बुधवार को फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित परिवारों को स्वच्छता किट वितरित की गई। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा और रक्षा मंत्री के विशेष कार्याधिकारी के.पी. सिंह सहित फेडरेशन के कई पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा ने कहा कि बाढ़ के दौरान घरों में फंसे लोगों तक राशन और राहत सामग्री पहुंचाना बड़ी चुनौती थी। माननीय राजनाथ सिंह के निर्देशन में सभी सरकारी विभाग सक्रिय रहे और प्रभावित परिवारों की लगातार मदद की गई। उन्होंने विधायक डॉ. नीरज बोरा और उनकी टीम द्वारा लगातार किए जा रहे सेवा कार्यों की भी सराहना की।
विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि फैजुल्लागंज में बाढ़ के दौरान हालात बेहद चुनौतीपूर्ण थे। कई गलियों में पानी इतना भर गया था कि नाव के सहारे आवागमन करना पड़ा। आपदा काफी विकट थी। ऐसे कठिन समय में माननीय राजनाथ सिंह जी के निर्देशन में राहत एवं बचाव के कार्य बहुत ही तेजी के साथ किया जा रहे थे। यही कारण है कि इतने बड़े संकट में भी कोई जनहानि नहीं हुई। रक्षा मंत्री द्वारा लगातार क्षेत्र की स्थिति के बारे जानकारी लेकर राहत कार्यों के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। उनके विशेष कार्याधिकारी के.पी. सिंह जी पिछले एक माह से लखनऊ में डेरा जमाए हुए हैं। डॉ बोरा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र में लगभग साढ़े पांच किलोमीटर लंबे पक्के पुल से आईआईएम तक तटबंध की स्वीकृति से यहां के लोगों को बाढ़ जैसी विभीषिका का अब भविष्य में दोबारा सामना नहीं करना पड़ेगा।
डॉ. बोरा ने कहा कि तटबंध के साथ फैजुल्लागंज की छोटी-बड़ी सड़कों के सुधार पर भी काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के माध्यम से सड़क एवं आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में फैजुल्लागंज का विकास नई ऊंचाइयों तक पहुंचे। भविष्य में यहां की स्थिति गोमती नगर जैसे ही हो जाएगी।
कार्यक्रम में इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन के प्रदेश महामंत्री डॉ अजय गुप्ता,डॉ अनिल गुप्ता,प्रदेश युवा महामंत्री अनुराग साहू, जिला अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरनाथ अग्रवाल, युवा इकाई जनपद अध्यक्ष प्रियांक गुप्ता, लखनऊ महामंत्री अभय गुप्ता, युवा इकाई प्रदेश महामंत्री आशीष गुप्ता, विनय गुप्ता, शैलेंद्र स्वर्णकार,रूबी जायसवाल, लक्ष्मीकांत जायसवाल, पार्षद रामू कनौजिया पूर्व पार्षद प्रदीप शुक्ला,रामशरण सिंह, प्रमोद चतुर्वेदी, संतोष मिश्रा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।