यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
अराजकता से सरकार का रास्ता रोकने की कांग्रेसी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा : डा. राजेश्वर सिंह
लखनऊ। आज भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विधानसभा से परिवर्तन चौक तक निकली ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह दल—बल के साथ शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर बयान जारी करते हुए कहा है कि कांग्रेस का चाल, चरित्र और चेहरा देश की जनता अच्छी तरह पहचान चुकी है। कांग्रेस की राजनीति और उसके तौर-तरीकों के खिलाफ जनता में आक्रोश है। लोकतंत्र के नाम पर अराजकता फैलाने और जनता के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिशों को देश स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और दुष्प्रचार की सच्चाई जनता तक पहुंचाना आज बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से भाजपा यह पदयात्रा निकाल रही है।
डा. राजेश्वर सिंह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो राजनीतिक दल चुनाव में जनता का विश्वास जीतने और लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करने में असफल हो रहे हैं वह अब अराजकता और विरोध-प्रदर्शन का सहारा ले रहे हैं। विपक्ष की ऐसी राजनीति का उद्देश्य लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को उसके दायित्वों का निर्वहन करने से रोकना है।
डा. राजेश्वर सिंह ने कांग्रेस, सपा और अन्य विपक्षी दलों पर अराजकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में 100 से अधिक बार संविधान के अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल कर सरकारें बर्खास्त की गईं। उन्होंने 1984 के सिख-विरोधी नरसंहार, कश्मीर से हिंदुओं के पलायन सपा द्वारा कारसेवकों पर गोली चलाना और देश में हुए दंगों का उल्लेख करते हुए विपक्ष के राजनीतिक इतिहास पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद विपक्षी दल विभिन्न अराजक शक्तियों को एकजुट कर मोर्चा बना रहे हैं। डा. राजेश्वर सिंह ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा है तो उसे लोकतांत्रिक तरीके से उठाना चाहिए जनता के बीच जाना चाहिए उसका विश्वास जीतना चाहिए और चुनाव के माध्यम से जनसमर्थन हासिल करना चाहिए। बिना ठोस मुद्दों के धरना-प्रदर्शन और अव्यवस्था पैदा करना लोकतांत्रिक राजनीति का विकल्प नहीं हो सकता।
पीडीए के नारे पर निशाना साधते हुए डॉ. सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष की राजनीति समाज को बांटने और देश को विभाजित करने की दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने अंग्रेजों की बांटो और राज करो की नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर ही अंग्रेजों ने लंबे समय तक शासन किया था। उन्होंने कहा कि देश को फिर से विभाजनकारी राजनीति की ओर ले जाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
पदयात्रा का नेतृत्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री श्री पंकज चौधरी जी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक जी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह जी ने किया। पदयात्रा में आमजन, भाजपा के कार्यकर्ताओं एवं संगठन के पदाधिकारियों सहित एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।