यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
17 नवम्बर को आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा, 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक प्राप्त किए जाएंगे दावे एवं आपत्तियां
21, 22 तथा 28, 29 नवम्बर को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवसों का किया जाएगा आयोजन
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा की अध्यक्षता में जनपद गाजियाबाद में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की तैयारियों, मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में रोल ऑब्जर्वर / मण्डलायुक्त, जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत 17 नवम्बर, 2026 को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। प्रत्येक नागरिक को अपनी एवं अपने परिवार के सदस्यों की मतदाता सूची में प्रविष्टियों की जांच करने का अवसर मिलेगा। नागरिक अपने नाम, आयु, लिंग एवं फोटो सहित अन्य विवरणों की शुद्धता भी जांच सकेंगे।
आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर, 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म 6, मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने पर आपत्ति अथवा अपात्र व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन, निवास परिवर्तन, ईपीआईसी प्रतिस्थापन एवं दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकेगा। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसम्बर, 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 04 जनवरी, 2027 को होगा।
आलेख्य मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइटों, सभी संबंधित मतदेय स्थलों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में भी उपलब्ध रहेंगी। मतदाता सूची की प्रतियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
पुनरीक्षण के दौरान 21 एवं 22 नवम्बर तथा 28 एवं 29 नवम्बर, 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन चारों दिनों में बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर नागरिकों से दावे-आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
गाजियाबाद में मतदाता पंजीकरण की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए बताया कि वर्तमान में जिले की मतदाता सूची में लगभग 23 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम दर्ज हैं, जबकि अनुमान के अनुसार लगभग 10 लाख ऐसे पात्र नागरिक अभी भी मतदाता सूची से बाहर हैं, जिनका नाम सूची में शामिल होना चाहिए। उन्होंने इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास करने के निर्देश दिये। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए Whole of Government and Whole of Society की अवधारणा पर कार्य किया जाएगा। इसके अंतर्गत विभिन्न शासकीय विभागों, सामाजिक संगठनों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य संस्थाओं का सहयोग लेकर पात्र नागरिकों की पहचान की जाए और उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने गाजियाबाद के अधिकारियों की तैयारियों, प्रशिक्षण एवं आपसी समन्वय पर संतोष व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के कुशल नेतृत्व में सभी संबंधित अधिकारी इस चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को निर्धारित समयावधि में प्राप्त करने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेंगे।
भारत में मतदाता पंजीकरण स्वैच्छिक प्रक्रिया है, इसमें पात्र नागरिक का नाम स्वतः मतदाता सूची में दर्ज नहीं होता। उन्होंने बताया कि उपलब्ध अनुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश में लगभग 16 से 17 करोड़ नागरिक 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के हैं, जबकि वर्तमान मतदाता सूची में लगभग 13.56 करोड़ मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। इस प्रकार प्रदेश में पात्र नागरिकों के पंजीकरण का अनुमानित अनुपात लगभग 84 प्रतिशत है। ध्येय वाक्य कोई मतदाता न छूटे की अवधारणा को ध्यान में रखते हुए यह प्रयास रहेगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अनुरोध किया कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दौरान बढ़-चढ़कर भाग लें। 17 नवम्बर को प्रकाशित होने वाली आलेख्य मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांचें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में नहीं है तो फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने तथा किसी विवरण में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराने के लिए निर्धारित अवधि में आवेदन करें। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है।