शिवरी प्लांट का 57 प्रशिक्षु PCS अधिकारियों ने किया भ्रमण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की कार्यप्रणाली को समझा

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

– नगर निगम के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल की सराहना, अन्य शहरों में भी अपनाने और छोटे शहरों में क्लस्टर आधारित व्यवस्था पर हुई चर्चा

लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी में आयोजित 92वें आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के 57 प्रशिक्षु अधिकारियों ने शनिवार को नगर निगम लखनऊ के शिवरी प्लांट, मोहान रोड का शैक्षिक भ्रमण किया। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा संचालित म्युनिसिपल गर्ल्स इंटर कॉलेज, कश्मीरी मोहल्ला की कक्षा 9 एवं 10 की छात्राओं तथा रिशिता मैनहट्टन के रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी प्लांट का निरीक्षण किया।

भ्रमण का उद्देश्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कूड़े के निस्तारण की प्रक्रिया, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।

इस दौरान नगर निगम की ओर से प्रशिक्षु PCS अधिकारियों को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अब तक किए गए लिगेसी वेस्ट के निस्तारण, घैला स्थित कचरे के निस्तारण तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त प्लांट में बायो-कंपोस्ट से ग्रेन्यूल तैयार करने की प्रक्रिया, कचरे से निकलने वाले आरडीएफ (RDF) के वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण तथा लिगेसी वेस्ट के निस्तारण से प्राप्त होने वाले विभिन्न उप-उत्पादों के बारे में भी बताया गया। इन कार्यों की निगरानी, प्रसंस्करण की प्रक्रिया और अब तक प्राप्त परिणामों की जानकारी भी साझा की गई।

प्रशिक्षु PCS अधिकारियों ने नगर निगम लखनऊ द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। साथ ही इस मॉडल को अन्य शहरों में भी अपनाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। छोटे शहरों में कचरे के प्रभावी निस्तारण के लिए क्लस्टर आधारित व्यवस्था विकसित करने के सुझाव पर भी विचार-विमर्श हुआ।

वहीं, म्युनिसिपल गर्ल्स इंटर कॉलेज, कश्मीरी मोहल्ला की छात्राओं को कचरे के पृथक्करण, प्रसंस्करण, निस्तारण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के महत्व के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई। रिशिता मैनहट्टन RWA के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी प्लांट का भ्रमण कर कूड़े के प्रसंस्करण और उसके वैज्ञानिक निस्तारण की पूरी प्रक्रिया को समझा।

भ्रमण के दौरान नगर निगम के पर्यावरण अभियंता श्री संजीव प्रधान, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री जितेंद्र वर्मा तथा संबंधित कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *