समाजवादी पार्टी द्वारा आगरा में आयोजित दलित सम्मलेन को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने किया संबोधित

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज आगरा में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्य सभा सादस्य श्री रामजी लाल सुमन द्वारा आयोजित विशाल दलित सम्मेलन को संबोधित किया। सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लाखों की संख्या में दलित समाज के लोग शामिल हुए। विशाल जन-समूह को संबोधित करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा पीडीए दलित समर्थन में उमड़ा जन समुदाय साबित कर रहा है कि समाजवादी पार्टी को ऐतिहासिक जन समर्थन मिल रहा है। आगरा से पीडीए आन्दोलन की शुरुआत हो रही है। जन समर्थन देखकर लग रहा है कि यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश का ही नहीं पूरे देश का दलित सम्मेलन हो रहा है। उन्होंने कहा कि जो अंगद का पैर जमाने की बात कर रहे थे, आगरा सम्मेलन के बाद उनकी जमीन खिसक गयी है। इस बार दलित समाज भाजपा का हमेशा के लिए सफाया कर देगा। उन्होंने कहा कि जो लोग भाजपा के साथ हैं, वह दलित विरोधी है। दलित समाज पीडीए के साथ एकजुट रहकर 2024 की तरह 2027 में भाजपा को हमेशा के लिए हरा देगा।
श्री यादव ने कहा कि हार को देखकर भाजपा में घबराहट है, इसीलिए वोट की हेराफेरी कर रही है। वोटर लिस्ट में धांधली का प्रयास कर रही है। पहले मतदाता सूची का एसआईआर कराया और अब एसएसआर करा रहे है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तो इतना घबरा गये हैं कि बोल रहे है। 1 करोड़ 27 लाख हिन्दुओं के वोट कट गये। सोचने वाली बात है चुनाव आयोग और अधिकारी सब इन्ही के फिर वोट कैसे कट गये ?
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि दरअसल दमदार दलित भाइयो ने अपने वोट बनवा लिए और मुस्लिम भाइयों ने अपने वोट बचा लिए इसीलिए भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को भाजपा से सावधान रहना है। अपने वोट को बचाये रखना है। वोटर लिस्ट की निगरानी करना है। अगर वोट नहीं बचा तो संविधान नहीं बचेगा, संविधान नहीं बचेगा तो हक और अधिकार नहीं बचेगा। जो लोग संविधान खत्म करना चाहते है वहीं लोग हमारे आपके वोट के खत्म करना चाहते है। इसलिए वोट बचाओ-संविधान बचाओ। यह लड़ाई हमारे आपके सम्मान और अधिकार की लड़ाई है। भाजपा को हराना ही नही है, हमेशा के लिए मिटाना है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग हमारे पीडीए की परिभाषाएं बदलते रहते है। इस सम्मेलन ने साबित कर दिया है पीडीए का डी दमदार दलित है, पीडीए में हमेशा दमदार दलित दिखाई देगा। जब से पीडीए की ताकत बढ़ी है, पीडीए ने उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराया है तब से भाजपा पीडीए के खिलाफ तमाम साजिश और षडयंत्र कर रही है। समाजवादी पार्टी ने आंकड़ों के साथ साबित किया है कि भाजपा सरकार ने पीडीए के साथ भेदभाव किया है। जब से भाजपा सरकार सत्ता में आयी है दलित समाज का उत्पीड़न और अन्याय तेजी से बढ़ा है। देश में दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार उत्तर प्रदेश में हुआ है। पिछले दस साल में उत्तर प्रदेश में बाबा साहब डॉ0 अम्बेडकर की लगभग 200 मूर्तियाँ तोड़ी गयी है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मूर्ति तोड़ने वाले सबसे पहले बाबा साहब के उस हाथ को तोड़ते है जिस हाथ में संविधान की किताब होती है। ये लोग संविधान पर हमला कर रहे है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि बाबा साहब डॉ0 अम्बेडकर का दिया हुआ संविधान हम सब के लिए सब कुछ है। संविधान है तो सम्मान है, हक और अधिकार है। संविधान है तभी लोकतन्त्र बचेगा, तभी वोट का अधिकार बचेगा।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा संविधान और लोकतंन्त्र विरोधी है। भाजपा वोट का अधिकार छीनना चाहती है। जनता भाजपा के अन्याय, अत्याचार के खिलाफ खड़ी हो रही है तो भाजपा बेईमानी पर उतारू है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार विधान परिषद के चुनाव में काशी में हार गयी। आगरा में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को हराने के लिए भाजपा ने सत्ता का दुरूपयोग किया, प्रताड़ित किया, अपमानित किया, कपड़े तक फाड़ दिये लेकिन आगरा के दमदार साथियों का साथ मिला समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी चुनाव जीत गया। पीडिए में एक ए और जुड गया। जो पीड़ित, दुखी, अपमानित है वही हमारा पीडीए है। हमारा पीडीए पीड़ित के साथ खड़ा है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार शिक्षा और परीक्षा विरोधी है। लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे है। परीक्षाएं रद्द हो रही है। भाजपा सरकार खुद पेपर लीक कराती है। भाजपा सरकार नौकरी और आरक्षण नहीं देना चाहती है इसलिए पेपर लीक करा कर परीक्षा रद्द करा देती है। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा पेपर लीक और परीक्षाएं रद्द हुई है। यूपी में 20 से ज्यादा परीक्षाओं के पेपर लीक हुए है। पेपर लीक कराने वाले सरकार में शामिल है। उन्होने कहा कि आज देश का नौजवान छात्र, भाजपा के खिलाफ है। युवा पीढ़ी जेन जी, जेन अल्फा ने दिल्ली में भाजपा सरकार के खिलाफ आन्दोलन कर उसे झुका दिया। देश के शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। अहंकारी भाजपा सरकार ने नौजवानों को लाठियों से पिटवाया, छात्र-नौजवान भाजपा सरकार की लाठियों को नहीं भूलने वाला है। उत्तर प्रदेश के विधान सभा चुनाव में भाजपा की लाठी हारेगी और समाजवादी पार्टी का लैपटॉप जीतेगा। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में 26 हजार से ज्यादा प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए गए। इन स्कूलों में गरीब पीडीए समाज के बच्चे पढ़ने जाते थे। केवल स्कूल ही नहीं बंद हुए वहां की सरकारी नौकरियां खत्म हो गयी। भाजपा ने सरकारी नौकरियां छीन कर बाबा साहब के आरक्षण को समाप्त करने का षडयंत्र किया है। भाजपा से सावधान रहना है। भाजपा सरकार में अपराध,दलित उत्पीड़न में यूपी नम्बर वन है। भाजपा सरकार में अपराधियों पर कार्रवाई नहीं होती है।
श्री यादव ने उपस्थित जन समुदाय को भरोसा दिलाया समाजवादी सरकार में कानून के राज की स्थापना होगी। अपराधियों को सख्त से सख्त सजा मिलेगी। हम पीडीए सरकार बनाकर समाजिक न्याय की स्थापना करेंगे।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार दलितों, पिछड़ों से अवसर छीन रही है। संस्थाओं में दलितों, पिछड़ों को मौके नहीं मिल रहे हैं। शिक्षण संस्थानों में वाइस चांसलर, प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर से लेकर अन्य पदों पर दलितों, पिछड़ो को आने नहीं दिया जा रहा है। दलित-पिछड़ों को डराया धमकाया जा रहा है। पीडीए समाज सब समझ रहा है। एकजुट हो गया है।
श्री अखिलेश यादव ने उपस्थित जनसमुदाय को सियासत के सैलानियों से सावधान करते हुए कहा कि चुनाव देखकर कुछ सियासत के सैलानी भी आ गये है। उनकी ओटीपी कहीं और है। वो किसी और माइक के लाउडस्पीकर बन गये है। वे पीडीए से घबराये हुए है। पहले भाजपा के लोग ही पीडीए की परिभाषा बताते थे अब नए-नए आए लोग भी पीडीए की परिभाषा बता रहे है। इनकी डोर और चरखी कहीं और है। ये उतना ही उड़ेंगे जितनी उन्हे ढील दी जाएगी। ऐसे लोगों से सावधान रहना है। यह लोग पीडीए समाज पर हो रहे अन्याय, अत्याचार को नहीं जानते है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा भाजपा संविधान खत्म कर देश को मनविधान से चलाना चाहती है। लेकिन वे समझ ले देश मनविधान नहीं संविधान से चलेगा। भाजपा दलितों- पिछड़ो का दर्द कभी नहीं महसूस कर सकती है। भाजपा समाज में नफरत फैलाती है, भेद-भाव करती है। उन्होने कहा कि जो योगी होता है वह पूरे समाज की बात करता है, 80 और 20 की बात करने वाला योगी नहीं हो सकता है। इस बार विधान सभा चुनाव की लड़ाई 95 बनाम 5 फीसदी है। पीडीए 95 फीसदी है। 95 फीसदी पीडीए भाजपा को हटाने जा रहा है।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में हर वर्ग को सम्मान और न्याय मिलेगा। 69 हजार शिक्षक अभ्यर्थियों का उनका हक दिलाया जायेगा। मजदूरो को उनका अधिकार दिया जाएगा। मजदूरों को आठ घंटे से ज्यादा काम पर ओवर टाइम दिलाया जाएगा। बाबा साहब की मूर्तियां तोड़नें वालों को सजा दी जाएगी। सरकारी नौकरियों के खाली पदों को भरा जायेगा। संविधान के अनुसार दलितों, पिछड़ों को आरक्षण दिया जायेगा। एस.सी. एस.टी. समाज को विशेष पैकेज देकर आगे बढ़ाया जायेगा। किसानों को फसलों का सही मूल्य दिलाया जायेगा समय पर खाद बीज की व्यवस्था होगी। उन्होने कहा कि समाजवादी सरकार ने आगरा का विकास किया था, आगरा में मेट्रो रेल बनाया, आगरा के जाम को खत्म करने के लिए इनर रिंग रोड बनाया। आगरा को लखनऊ से जोड़ने के लिए एक्सप्रेसवे बनाया, छात्रों को लैपटॉप दिया, अलीगढ़ में पावर प्लांट लगाने का काम किया भाजपा सरकार ने कोई काम नहीं किया, केवल मंहगाई बढ़ाई। किसानो को आलू का मूल्य नहीं मिला, सरकार ने किसानों का आलू नहीं खरीदा किसानों को खाद ब्लैक में खरीदना पड़ रहा है। भाजपा सरकार में हर वर्ग महगांई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से त्रस्त है।
दलित सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य प्रो0 रामगोपाल यादव ने कहा कि 2024 में इण्डिया गठबन्धन की जीत और पीडीए की एकजुटता से भाजपा सरकार घबराई हुई है। भाजपा द्वारा फण्डेड (पोषित) कुछ पार्टियाँ और व्यक्ति पीडीए समाज में विघटन पैदा करने की साजिश कर रहे है। भाजपा कुछ लोगों को पैसा देकर और कुछ को डरा धमका कर उनको कठपुतली की तरह प्रयोग कर रही है। इनसे सावधान रहना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में वोट का अधिकार और संविधान खतरे में है। पीडीए का आरक्षण छीना जा रहा है। दलितों के साथ अन्याय अत्याचार हो रहा है, उनका उत्पीड़न हो रहा है। उत्तर प्रदेश में लोगों को जाति देखकर गोली मारी जाती है, लेकिन पीडीए समाज के जो लोग भाजपा में सांसद, विधायक बन गये है, वह एक भी शब्द नहीं बोलते हैं, ऐसे लोगों से भी सावधान रहना है।
दलित सम्मेलन के संयोजक समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्य सभा सदस्य श्री रामजी लाल सुमन ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि दलित जानता है कि आरएसएस और भाजपा की जहनियत दलितों के खिलाफ है। 1949 में इन लोगों ने दिल्ली के रामलीला मैदान में बाबा साहब डॉ0 अम्बेडकर का पुतला फूंका था। आरएसएस और भाजपा शुरू से दलितों के खिलाफ हैं। यह लोग संविधान के खिलाफ थे, आजादी की लड़ाई में इन लोगों ने अंग्रेजो का साथ दिया था। भाजपा सरकार में आज भी जगह-जगह बाबा साहब डॉ अम्बेडकर और भगवान गौतमबुद्ध की मूर्तियां तोड़ी जा रहीं हैं। यह मूर्तियां नहीं एक विचार को तोड़ने की साजिश हो रही है। दलितों के दिलों को तोड़ने का काम हो रहा है। दलितों ने भाजपा को हराने और समाजवादी पार्टी का साथ देने का संकल्प ले लिया है।
श्री सुमन ने कहा कि आगरा दलित चेतना का केन्द्र है, बाबा साहब डॉ0 अम्बेडकर ने रिपब्लिकन आफ इण्डिया बनाई थी, हमें नहीं पता कि महाराष्ट्र में उसकी कितनी ताकत थी लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उसका बहुत जोर था। पश्चिमी उत्तर प्रदेश समाजवादी पार्टी की दृष्टि से बहुत उपजाऊ जमीन है। उन्होने कहा कि इस जन सैलाब से साबित हो रहा है कि 2027 में श्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है। चाहे जितने भी गठबन्धन बन जाये लेकिन उत्तर प्रदेश में सामाजिक शक्तियों का ध्रुवीकरण भाजपा के खिलाफ समाजवादी पार्टी के पक्ष में हो रहा है। सम्मेलन को समाजवादी पार्टी के अयोध्या से सांसद श्री अवधेश प्रसाद, मोहनलालगंज से सांसद श्री आर.के.चौधरी, रामपुर से सांसद मौलाना मोहिबुल्ला नदवी, विधायक श्री मनोज पारस, विधायक डॉ0 रागिनी सोनकर समेत अन्य नेताओं ने सम्बोधित किया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक श्री रणजीत सुमन ने और अन्य नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव का माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर फिरोजाबाद से पूर्व मेयर प्रत्याशी श्री राजेन्द्र सिंह राठौर और श्री बालयोगी ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *