यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
राइजिंग राजस्थान’ का पहला रोड शो कई दिग्गज हस्तियां लेंगी हिस्सा
नई दिल्ली इस साल दिसंबर में आयोजित होने वाले ‘राइजिंग राजस्थान’ ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 का पहला रोड शो 30 अगस्त 2024 को मुंबई में आयोजित होने जा रहा है. देशी-विदेशी उद्योग और कॉरपोरेट जगत को राजस्थान में निवेश करने के लिए आमंत्रित हो रहे हैं. इस रोड शो में राजस्थान सरकार के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व CM भजन लाल शर्मा खुद कर रहे हैं. इस कार्यक्रम में निवेश संबंधी कई समझौता ज्ञापनों (MOU) पर हस्ताक्षर, राइजिंग राजस्थान वेबसाइट का शुभारंभ, मुख्यमंत्री की उद्योग जगत के कई दिग्गजों और बड़ी हस्तियों से आमने-सामने की चर्चाएं भी होंगी.
उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल करेगा यात्रा
भारत की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई में होने वाला यह रोड शो समिट इंडस्ट्री पार्टनर, कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है. इसके अलावा, अगले दो महीनों के दौरान राजस्थान सरकार दिल्ली, हैदराबाद, चेन्नई, जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) और सऊदी अरब, यूनाइटेड किंगडम (यूके) और जर्मनी में भी रोड शो आयोजित करने जा रही है. इसके लिए राजस्थान सरकार के अधिकारियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल इन जगहों की यात्रा करेगा.
प्री-समिट का भी होगा आयोजन
रोड शो के अलावा, राजस्थान सरकार राज्य के विभिन्न शहरों में कई रिजनल समिट और सेक्टोरल प्री-समिट भी आयोजित करेगी, जिसका उद्देश्य राज्य के मौजूदा उद्योगों, उद्यमियों और नए निवेशकों के साथ बातचीत करना है. इसका आयोजन अक्टूबर और नवंबर के महीनों में किया जाएगा और इसके अंतगर्त पर्यटन, शहरी विकास, आईटी और आईटीईएस, उद्योग, कृषि, खान और पेट्रोलियम, ऊर्जा, चिकित्सा और स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है.
राइजिंग राजस्थान’ ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 के बारे में
राइजिंग राजस्थान’ ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 का आयोजन इस साल 9, 10 और 11 दिसंबर को राजधानी जयपुर होगा. इसका आयोजन राजस्थान सरकार के तत्वाधान में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, बीआईपी और राजस्थान स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एंड इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन (रीको) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जिसका नोडल विभाग बीआईपी है. इस त्रि-दिवसीय मेगा समिट का उद्देश्य देश-विदेश की बड़ी-छोटी कंपनियों, अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं और निवेशकों को राज्य में आ कर काम करने के लिए आकर्षित करना, प्रदेश में विभिन्न तरह के उद्योग-धंधे लगाने में मदद करना और सुविधाएँ मुहैय्या कराना है. इस ग्लोबल समिट के दौरान कृषि, अक्षय ऊर्जा, शिक्षा और कौशल, ऑटो और ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल्स), इंफ्रास्ट्रक्चर, केमिकल और पेट्रो-केमिकल, पर्यटन, स्टार्टअप, खनन और ईएसडीएम/आईटी और आईटीईएस सहित विभिन्न क्षेत्रों पर विशेष सत्र का आयोजन होगा.
अपने अनुभव को साझा करेंगे सभी निवेशक
इस दौरान उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ भी उपस्थित रहेंगे. मुंबई रोड शो के दौरान उद्योग जगत की कई जानी-मानी हस्तियां, जिन्होंने पहले से राजस्थान में निवेश कर रखा है, वो राज्य में निवेश से जुड़े अपने अनुभवों को साझा करेंगे. इस अवसर पर एक लघु फिल्म भी दिखायी जाएगी, जो राज्य के अंदर विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद अवसर और तेजी से हो रहे निवेश जैसी कई बातों को दर्शाएगी. मुंबई रोड शो में राजस्थान सरकार के कई शीर्ष अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. इसमें राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव सुधांश पंत, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) शिखर अग्रवाल, उद्योग विभाग के प्रमुख शासन सचिव और रीको लिमिटेड के अध्यक्ष अजिताभ शर्मा, उद्योग विभाग के कमिश्नर रोहित गुप्ता सहित अन्य शीर्ष अधिकारी शामिल हैं.