यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
पत्रकारिता और मीडिया कम्युनिकेशन स्ट्रेटजी के क्षेत्र में ख्याति प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार उमेश उपाध्याय का रविवार को एक दुर्घटना में निधन हो गया. उनके आकस्मिक और असामयिक निधन से समूचा मीडिया जगत स्तब्ध है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपाध्याय के घर पर निर्माण कार्य के दौरान दुर्घटनावश वह गिर गये थे. उन्हें गंभीर चोटें आई. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दुर्भाग्य से उनकी जान नहीं बच सकी. दिल्ली पुलिस के मुताबिक रविवार को दोपहर 14:48 बजे वसंत कुंज के इंडियन स्पाइनल सेंटर में 64 वर्षीय उमेश उपाध्याय के भर्ती होने के बारे में सूचना मिली थी. वे सी-8 वसंत कुंज में निर्माणाधीन साइट पर ऊंचाई से गिर गए थे.
आगे की जांच में पता चला कि रविवार सुबह करीब 10.30 बजे जब उमेश उपाध्याय अपने घर में चल रहे कार्यों का निरीक्षण कर रहे थे, तो वे दुर्घटनावश चौथी मंजिल से दूसरी मंजिल पर गिर गए. उनके सिर और अन्य जगहों पर गंभीर चोटें आईं. उन्हें तुरंत करीब 11 बजे इंडियन स्पाइनल सेंटर ले जाया गया. हालांकि, गिरने के कारण लगी चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई.
उपाध्याय ने टेलीविजन और डिजिटल मीडिया दोनों में व्यापक योगदान दिया. टेलीविजन, प्रिंट, रेडियो और डिजिटल मीडिया में चार दशकों से अधिक के अपने करियर के दौरान उन्होंने प्रमुख मीडिया संगठनों में कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं. मीडिया उद्योग की बारीकियों की गहरी समझ, पत्रकारिता की ईमानदारी के प्रति समर्पण और तेजी से बदलते उद्योग के साथ सामंजस्य बिठाने की उनकी कुशलता के लिए वह जाने जाते थे.