ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ: लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने शुक्रवार को अलीगंज स्थित *चेतना संस्था* का दौरा किया। यह संस्था बौद्धिक अक्षम और बधिर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त यह संस्था वर्ष 1964 में स्थापित की गई थी और आज भी अपनी विशिष्ट सेवाओं के लिए जानी जाती है।
दौरे के दौरान महापौर महोदया के साथ संस्था के अध्यक्ष श्री जी.एन. शर्मा, सचिव श्री दिनेश प्रताप सिंह, भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष श्री राजेन्द्र तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य श्री सुनील द्विवेदी, बौद्धिक अक्षम विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मीना तिवारी, बधिर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अंजना शुक्ला, समाजसेविका श्रीमती दीपशिखा पांडेय और कोर्स कोऑर्डिनेटर श्रीमती ज्योत्स्ना बाजपेयी उपस्थित रहे।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने बच्चों से आत्मीयता के साथ संवाद किया और उनकी गतिविधियों एवं उपलब्धियों के बारे में जानकारी ली। बच्चों द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प और कलात्मक वस्तुओं को देखकर उन्होंने उनकी प्रतिभा की सराहना की। जब बच्चों ने भक्ति गीत प्रस्तुत किए, तो माहौल भावुक हो गया और स्वयं महापौर महोदया भी भावुक हो उठीं।
इस अवसर पर महापौर ने कहा, “इन बच्चों की प्रतिभा, समर्पण और आत्मविश्वास को देखकर मन गर्व और भावुकता से भर गया है। चेतना संस्था एक आदर्श उदाहरण है कि कैसे समर्पित प्रयासों से विशेष बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है।”
उन्होंने संस्था के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और बच्चों के सेवा-भाव की भूरी-भूरी प्रशंसा की और कहा कि नगर निगम स्तर पर संस्था की हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हर सहयोग देने का आश्वासन दिया।