महापौर ने साफ-सफाई, टैक्स और अतिक्रमण पर जताई गहरी चिंता, दिए आवश्यक निर्देश

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार प्रदेश जनहित खबर पोर्टल यूट्यूब चैनल लखनऊ

संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ नगर निगम द्वारा शहर की व्यवस्थाओं को और अधिक दुरुस्त करने के उद्देश्य से बुधवार को जोन-8 कार्यालय में जोनवार निरीक्षण और समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। महापौर के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में हाउस टैक्स एसेसमेंट में गड़बड़ी, अतिक्रमण, नालों की सफाई, साप्ताहिक बाजारों की व्यवस्था और नागरिकों की शिकायतों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान मौके पर ही कई निर्णय लिए गए और संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए गए, जिससे साफ है कि नगर निगम शहर की व्यवस्था सुधारने के लिए पूरी तरह गंभीर है।

समीक्षा बैठक में जुटे अधिकारी और जनप्रतिनिधि
इस बैठक में क्षेत्र के माननीय पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, जोनल अधिकारी, XEN, SFI सहित सभी संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य जोन स्तर पर चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और जनता से जुड़े मुद्दों पर ठोस निर्णय लेना था

हाउस टैक्स रिवीजन में अनियमितताओं पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक के दौरान हाउस टैक्स रिवीजन से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह स्पष्ट निर्देश दिया गया कि 01 अप्रैल 2022 से ही किया जाए। किसी भी टैक्स एसेसमेंट में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने स्पष्ट कहा कि समान आकार के मकानों पर अलग-अलग टैक्स निर्धारण की शिकायतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और इसकी तत्काल जांच कर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
नालों की सफाई में लापरवाही नहीं होगी स्वीकार
आगामी वर्षा ऋतु के दृष्टगत स्वच्छता व्यवस्था को लेकर महापौर ने विशेष चिंता जताई और निर्देश दिए कि नालों की सफाई में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। जलभराव और बदबू की समस्या को समाप्त करने के लिए आरआर, इंजीनियरिंग व स्वास्थ्य विभाग को समयबद्ध रूप से सफाई कराई जाए और इसकी निगरानी अधिकारी स्वयं करें।

अतिक्रमण पर साप्ताहिक कार्रवाई अनिवार्य
महापौर ने जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया कि अतिक्रमण के खिलाफ प्रत्येक सप्ताह एक दिन प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि केवल सांकेतिक कार्रवाई से काम नहीं चलेगा, बल्कि ऐसे परिणाम सामने आने चाहिए जो लोगों में चेतावनी का संदेश दें और सड़कें अतिक्रमण मुक्त रहें।

साप्ताहिक बाजारों की डिमार्केशन सही से हो
शहर के यातायात को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से महापौर ने निर्देश दिए कि साप्ताहिक बाजारों की डिमार्केशन वैज्ञानिक और व्यावहारिक तरीके से की जाए, जिससे आम जनता को जाम और असुविधा का सामना न करना पड़े।
टैक्स जमा करने का समय बढ़ा, कतारों की समस्या पर तुरंत एक्शन
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि हाउस टैक्स जमा करने के लिए नागरिकों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जबकि टैक्स काउंटर का समय मात्र 10 बजे से 2 बजे तक ही था। महापौर ने तत्परता दिखाते हुए टैक्स जमा करने का समय बढ़ाकर शाम 5 बजे तक करने के निर्देश चीफ टैक्स असेसमेंट ऑफिसर को दिए। इस दौरान जनता से टैक्स से संबंधित समस्याओं को भी सुना गया और अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए।

लेखपालों को अतिक्रमण पर कार्रवाई के कड़े निर्देश
महापौर ने समीक्षा बैठक में लेखपालों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जैसे ही लेखपालों को इस बात का संज्ञान हो कि किसी सरकारी भूमि पर कब्जा किया जा रहा है वह तत्काल उस कब्जे को होने से रूकवाएं वह कार्रवाई कर उस भूमि को तारबंदी करके संपत्ति विभाग का वहां पर बोर्ड भी लगाएं
फॉगिंग के निर्देश, मच्छर जनित बीमारियों से निपटने की तैयारी
माननीय महापौर ने निर्देश दिए कि बदलते मौसम और बढ़ते मच्छर जनित रोगों को ध्यान में रखते हुए सभी वार्डों में नियमित फॉगिंग कराई जाए। विशेषकर नालों के आसपास, जलभराव वाले क्षेत्रों और घनी आबादी में यह कार्य प्राथमिकता से किया जाए।
जनहित में अभियान रहेगा जारी
महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा जनहित में उठाए गए ये कदम निरंतर जारी रहेंगे। जनता की सुविधा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है और सभी अधिकारीगण को इसके लिए सतर्क व सक्रिय रहना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *