ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
नई दिल्ली: उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में दूध लेने जा रहे 17 वर्षीय युवक की हत्या करने का मामला सामने आया है. बदमाशों ने युवक की चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. फिलहाल हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके. एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल और अर्धसैनिक बल को तैनात किया गया है.
मृतक की पहचान कुणाल के रूप में हुई है और वह न्यू सीलमपुर के ब्लॉक का रहने वाला था. वह गांधीनगर की एक फैक्ट्री में काम करता था. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 7:38 बजे न्यू सीलमपुर के जे ब्लॉक में चाकूबाजी की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. युवक को जग प्रवेश अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया है. घटना को लेकर इलाके के लोगों में रोष है. लोगों का कहना है कि इलाके में कई हत्याएं हो चुकी है, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है.
मैंने 17 वर्षीय लड़के कुणाल की हत्या पर पुलिस आयुक्त से बात की है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा. एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस काम पर लगी हुई है. न्याय मिलेगा. – रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री
वहीं हत्या के विरोध में परिजनों ने जीटी रोड को जामकर विरोध किया. मृतक के परिजन आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं. इससे पहले भी मृतक के परिजनों ने देर रात में सड़क जाम करके विरोध प्रदर्शन किया था, जिसपर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया था. घटना को लेकर सांसद मनोज तिवारी व नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया भी दी है.
दिल्ली के सीलमपुर में 17 साल के लड़के की हत्या पर जॉइंट सीपी ईस्ट पुष्पेंद्र कुमार ने कहा, कल सीलमपुर के जे ब्लॉक में 17 साल के लड़के की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. इस मामले में उसी इलाके के कुछ लोग आरोपी हैं. आरोपियों की पहचान कर ली गई है और हमारी टीमें उन्हें जल्द ही पकड़ने के लिए काम कर रही हैं. जिन दो लोगों के नाम सामने आए हैं, पुलिस उनकी तलाश कर रही है. अगर किसी और की संलिप्तता पाई जाती है तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा.
शुक्रवार सुबह एक बार फिर से परिजन और क्षेत्र के लोगों ने हत्या का विरोध शुरू कर दिया और रोड को जामकर नारेबाजी करने लगे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीलमपुर थाना पुलिस के अलावा स्पेशल स्टाफ एएटीएस एजेंसी को मामले की जांच के लिए लगाया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. घटना को लेकर सांसद मनोज तिवारी व नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया भी दी है.