ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
नई दिल्ली: भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने कर्नाटक हाईकोर्ट के चार जजों समेत उच्च न्यायालयों के सात न्यायाधीशों के तबादले की सिफारिश की है. 15 और 19 अप्रैल को हुई बैठकों में कॉलेजियम ने यह फैसला लिया. सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने कहा कि यह फैसला हाईकोर्ट के स्तर पर समावेशिता और विविधता लाने और न्याय प्रशासन की गुणवत्ता को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है.
सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड किए गए एक प्रस्ताव में कॉलेजियम ने कहा, “उच्च न्यायालयों के स्तर पर समावेशिता और विविधता लाने तथा न्याय प्रशासन की गुणवत्ता को मजबूत करने के उद्देश्य से सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 15 अप्रैल, 2025 और 19 अप्रैल, 2025 को आयोजित अपनी बैठकों में उच्च न्यायालयों के न्यायाधीशों के स्थानांतरण की सिफारिश की है.”
सिफारिशों में कर्नाटक उच्च न्यायालय के जस्टिस हेमंत चंदनगौदर को मद्रास हाईकोर्ट, जस्टिस कृष्णन नटराजन को केरल हाईकोर्ट, जस्टिस नेरनाहल्ली श्रीनिवासन संजय गौड़ा को गुजरात हाईकोर्ट तथा जस्टिस दीक्षित कृष्ण श्रीपद को उड़ीसा हाईकोर्ट भेजने को कहा गया.
इसके अलावा, कॉलेजियम ने तेलंगाना हाईकोर्ट की जज जस्टिस पेरुगु श्री सुधा को कर्नाटक और जस्टिस कासोजू सुरेंधर उर्फ के सुरेंदर को मद्रास हाईकोर्ट में ट्रांसफर करने की सिफारिश की है. आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश जस्टिस कुंभजदला मनमाधा राव को कर्नाटक हाईकोर्ट स्थानांतरित करने की सिफारिश की गई है.