एक तरफा प्यार में युवती की निर्मम हत्या; कौशांबी में आरोपी की पुलिस से मुठभेड़; पैर में लगी गोली

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

सह संपादक कपिल गुप्ता

कौशांबी : जिले के थाना पश्चिम शरीरा इलाके में हुई युवती की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है. इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है. आरोपी के पास से अवैध असलहा और हत्या में प्रयुक्त कपड़े व चाकू भी बरामद किया गया है. पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी युवती से एकतरफा प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था. युवती के मना करने पर आरोपी ने घटना को अंजाम दिया है.

सीओ अभिषेक सिंह के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी सुरेंद्र सिंह पटेल ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह युवती से प्रेम करता था और उसके ऊपर शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन युवती ने शादी कहीं और तय होने की बात करते हुए इनकार कर दिया था. जिसके बाद युवक ने हत्या की घटना को अंजाम दिया. आरोपी ने हत्या की वारदात के समय पहने कपड़े जंगल मे छिपाने की बात कबूली.
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम आरोपी सुरेंद्र सिंह पटेल को बरामदगी के लिए बताए गए स्थान पर लेकर गई, तभी उसने झोले में रखे अवैध तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिया. पुलिस ने खुद को बचाते हुए, जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी है. मौके से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, कारतूस, घटना में पहने कपड़े और हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद किया. घायल आरोपी को मेडिकल कॉलेज मंझनपुर भेज दिया गया.

बता दें कि 28 अप्रैल को थाना पश्चिम शरीरा इलाके में एक युवती की गर्दन और हाथ की नस काट कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कौशांबी द्वारा करारी, पश्चिम शरीरा, पिपरी थानों के प्रभारी और एसओजी-सर्विलांस टीमों का गठन किया गया था. जांच में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर कई संदिग्धों से पूछताछ की गई थी. इसी दौरान भगवतपुर कटरी निवासी सुरेंद्र सिंह पटेल का नाम सामने आया. 29 अप्रैल को पुलिस ने सुरेंद्र को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *