ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो चीफ राजस्थान जयपुर
बेंगलुरु: कर्नाटक के बैंगलोर दक्षिण जिले में गुरुवार को चन्नापटना के पास चलती ट्रेन के इंजन में आग लग गई. हालांकि, लोको पायलट ने समझदारी दिखाते हुए ट्रेन को तुरंत रोक दिया जिससे बड़ा हादसा टल गया. वहीं, अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया.
रेल अधिकारियों ने बताया कि चन्नपटना तालुका के वंदरगुप्पे के पास मैसूर से राजस्थान के उदयपुर जा रही एक ट्रेन के इंजन में अचानक आग लग गई. इंजन के आगे के हिस्से में घना धुआं देखा गया. यह देख लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी. उन्होंने रेलवे अधिकारियों और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दे दी है. मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया और एक बड़ा हादसा टल गया.
अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11.45 बजे जब एक्सप्रेस ट्रेन चन्नपट्टना से गुजर रही थी, तब पायलट को इंजन में चिंगारी दिखाई दी. सतर्क लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोकी और कंट्रोल रूम को सूचना दी. हालांकि, इस घटना से ट्रेन में सवार सैकड़ों यात्री परेशान हो गए. आग पर काबू पाए जाने के बाद उन्होंने राहत की सांस ली. कुछ देर बाद ट्रेन में वैकल्पिक इंजन लगाया गया, जिसके बाद ट्रेन ने अपनी यात्रा फिर से शुरू की.
घटना सीसीटीवी में कैद
इंजन में आग लगने की घटना रेलवे ट्रैक के पास एक इमारत में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई. आग में इंजन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि वे उच्च स्तरीय जांच करेंगे. अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन के इंजन में आग लगने की असली वजह का अभी पता नहीं चल पाया है.