ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को व्यापक स्तर पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी के निर्देश एवं नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी के आदेश पर नगर निगम के विभिन्न जोनों में की गई।
*जोन-5 में मवैया से चारबाग तक चला पटरी अतिक्रमण हटाओ अभियान*
जोन-5 क्षेत्र में मवैया छत्ता होते हुए चारबाग मेट्रो स्टेशन से के.के.सी. तक पटरी किनारे के अतिक्रमणकारियों पर शिकंजा कसा गया।
अभियान में 15 ठेले, 3 गुमटी और 4 काउंटर हटाए गए। अतिक्रमणकारियों को पुनः कब्जा न करने की चेतावनी दी गई।
इस कार्रवाई का नेतृत्व जोनल अधिकारी श्री नन्दकिशोर ने किया। उनके साथ कर अधीक्षक श्री आलोक कुमार श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक श्री कुलदीप सिंह चौधरी, प्रवर्तन दल 296 और स्थानीय पुलिस बल भी उपस्थित रहा।
*जोन-6 में शिकायत के आधार पर सख्त कार्रवाई*
जोन-6 के हैदरगंज तृतीय क्षेत्र में नारायण गार्डेन, वाणी माता मंदिर के पास तथा हरदोई रिंग रोड, हंस नगर पारा रोड के समीप अतिक्रमण के मामलों में कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान 11 ठेले, 9 अस्थाई दुकानें, 7 फ्लेक्स बोर्ड हटाए गए। साथ ही 3 टायर, 2 फ्लेक्स बोर्ड, 2 प्लास्टिक स्टूल, 1 लोहे का स्टूल आदि समान जब्त किया गया।
अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई। साथ ही क्षेत्रीय थानाध्यक्ष को पत्र भेजा गया ताकि भविष्य में फिर से अतिक्रमण न हो।
इस कार्रवाई का नेतृत्व जोनल अधिकारी श्री मनोज यादव ने किया। इस दौरान कर अधीक्षक श्री विजय शंकर, श्री आशीष कुशवाहा, कर निरीक्षक श्री धर्मदेव और 296 प्रवर्तन टीम उपस्थित रही।
*जोन-7 में अरविंदो पार्क क्षेत्र से हटे ढेरों ढांचे*
नगर आयुक्त के निर्देशों के क्रम में जोन-7 में अरविंदो पार्क के दोनों तरफ लगे अवैध अतिक्रमण को हटाया गया।
यहां से 1 काउंटर, 1 लोहे की गुमटी, 2 कढ़ाई को जब्त किया गया, जबकि 4 ठेले, 3 ठेलिया, 4 गुमटी और 5 लोहे के काउंटर हटाए गए।
सभी अतिक्रमणकारियों को मौखिक चेतावनी दी गई और भविष्य में अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी गई। इस अभियान में कर अधीक्षक श्री राम अचल, अरविंदो चौकी प्रभारी, पुलिस बल, ई.टी.एफ. एवं 296 टीम की सक्रिय भागीदारी रही।
नगर निगम की अपील
नगर निगम लखनऊ ने सभी नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें। यह न केवल यातायात बाधित करता है, बल्कि शहर की स्वच्छता और सौंदर्य को भी प्रभावित करता है। भविष्य में किसी भी प्रकार की अवैध अतिक्रमण की स्थिति में सख्त कार्रवाई की जाएगी।