यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र में छपरा-सीवान मुख्य मार्ग स्थित एनएच-531 पर गुरुवार सुबह पूरब सोनिया पुल के पास तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में ऑटो के परखच्चे उड़ गए और तीन लोगों की मौत हो गई.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छपरा से एकमा जा रहे ऑटो में ट्रक ने सामने से टक्कर मारी. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर घायल हो गए. उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एकमा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया.स्थानीय लोगों ने बताया कि ऑटो में वाद्य यंत्र रखे हुए थे. इससे आशंका जताई जा रही है कि मृतक किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम या नाच-गाने से जुड़े कलाकार हो सकते हैं. पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है.दाउदपुर थाना पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और ऑटो को जब्त कर लिया है. मृतकों की शिनाख्त का कार्य जारी है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया गया है.हादसे के बाद एनएच-531 पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा. घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और चीख-पुकार मच गई. लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.