यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
लखनऊ। स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के अंतर्गत नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर लखनऊ नगर निगम की आई.ई.सी टीम द्वारा शहर के विभिन्न जोनों एवं वार्डों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक उन्मूलन तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाए गए। अभियान के दौरान सफाई कार्यों के साथ-साथ विद्यार्थियों, दुकानदारों और आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
*स्वच्छ पाठशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को किया जागरूक*
जोन-08 के हिन्द नगर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में “स्वच्छ पाठशाला–युवा फॉर स्वच्छता” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्रोत पर कचरा पृथक्करण, पॉलीथीन के दुष्प्रभाव तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, पॉलीथीन के उपयोग से बचने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में जोन-05 के रामजी लाल सरदार पटेल नगर वार्ड के चित्रगुप्त नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय में भी “स्वच्छ पाठशाला–युवा फॉर स्वच्छता” कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पार्षद श्री गिरीश मिश्रा जी,ZSO श्रीमती प्रीति यादव जी, SFI श्री सुभाष चौधरी जी, पूर्व महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया जी, विद्यालय की प्रधानाचार्य एवं IEC टीम उपस्थित रही। विद्यार्थियों के लिए कला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्हें गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण और कचरे के उचित निस्तारण की जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यालय परिसर की सफाई कर कचरा एवं गंदगी हटाई गई।
*विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान*
जोन-02 के राजाजीपुरम स्थित बालाजी मंदिर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सफाई कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए क्षेत्र की सफाई कर कचरा एवं गंदगी हटाई। इस दौरान स्वीपिंग इंचार्ज एवं IEC टीम ने नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।
वहीं, जोन-05 के रामजी लाल सरदार पटेल नगर वार्ड के सिंगार नगर क्षेत्र में “157 महासफाई अभियान” के अंतर्गत विशेष सफाई अभियान चलाया गया। क्षेत्र में सफाई कर कचरे को हटाया गया तथा स्थानीय नागरिकों को कचरे का उचित निस्तारण करने और अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
*दुकानदारों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक*
स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत IEC एवं Operations टीम द्वारा दुकानदारों के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। दुकानदारों को उचित कचरा प्रबंधन, स्वच्छता तथा प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। उन्हें नियमित रूप से डस्टबिन का उपयोग करने तथा प्लास्टिक बैग के स्थान पर कपड़े और जूट के बैग जैसे पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। दुकानदारों से अपने ग्राहकों को भी प्लास्टिक के नुकसान और पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों के बारे में जागरूक करने की अपील की गई। अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली भी आयोजित की गई। यह गतिविधियां SFI श्रीमती अधुलिका सिंह जी के नेतृत्व में संचालित हुईं।
*एंटी-पॉलीथीन एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता*
जोन-08 के हिन्द नगर वार्ड में एंटी-पॉलीथीन जागरूकता अभियान चलाया गया। नागरिकों एवं दुकानदारों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक और पॉलीथीन के पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इनके उपयोग से बचने तथा कपड़े एवं जूट के बैग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जोन-05 के गुरु नानक नगर वार्ड स्थित नटकहेड़ा रोड मार्केट में सिंगल यूज़ प्लास्टिक प्रतिबंध को लेकर जन-जागरूकता रैली आयोजित की गई। रैली के माध्यम से दुकानदारों एवं बाजार में मौजूद लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई। अभियान में ZSO श्रीमती प्रीति यादव जी, SFI श्री सुभाष चौधरी जी, श्रीमती आकांक्षा जी एवं IEC टीम उपस्थित रही।
*“स्वच्छता से समृद्धि” के तहत RRR सेंटर में जागरूकता*
जोन-02 के मोतीलाल नेहरू वार्ड के चारबाग क्षेत्र स्थित RRR सेंटर में “स्वच्छता से समृद्धि” अभियान के तहत जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। नागरिकों को Reduce, Reuse एवं Recycle (RRR) के महत्व के बारे में जानकारी दी गई तथा अपशिष्ट पदार्थों के पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण के लिए प्रेरित किया गया। लोगों से घर एवं आसपास के क्षेत्र में कचरे का उचित प्रबंधन कर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।
*सफाई कर्मियों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित*
स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत जोन-01 स्थित 1090 पार्किंग में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। नगर निगम द्वारा सफाई कर्मियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं।