यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज अभिनंदन रिसार्ट, मोहान रोड, निकट घुरघुरी तालाब, थाना काकोरी जनपद लखनऊ के मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी श्री सोनू कनौजिया के पिता जी स्व0 राम गोपाल कनौजिया के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि वे यहां पार्टी के नेता श्री सोनू कनौजिया के पिता जी स्व0 रामगोपाल कनौजिया की तेरहवीं में आये हैं। सोनू-मोनू और यहां इनके पिता जी ने बहुत जिम्मेदारी से समाज को जोड़कर सबको साथ लेकर प्रतिष्ठा कमाई। उनके निधन से हम सब दुःखी है। हम परिजनों और साथियों का दुःख बांटने के लिए एकत्र हुए हैं।
अभिनंदन रिसार्ट में पत्रकारों से वार्ता करते हुए श्री यादव ने कहा कि भाजपा बिना किसी हेराफेरी और धांधली किए कोई भी चुनाव नहीं जीत सकती है। शिक्षक-स्नातक निर्वाचन में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को डराने-धमकाने और बेईमानी करने के काम दिए जा रहे हैं। डीआईओएस और बीेएसए फोन से शिक्षकों को धमका रहे है। पर्याप्त प्रमाण होने पर यही उनको जेल भेजने का पर्याप्त आधार बनेगा। चुनाव आयोग रखवाली करे कि हेराफेरी न हो, चुनाव निष्पक्ष रहे। अधिकारी अधिकारी रहे, पोलिटिकल वर्कर न बने, नहीं तो जेल जाएंगे। सरकार में बदलाव हुआ तो शिक्षा विभाग में जो लूट मची है उसमें लिप्त लोगों का जेल जाना तय है।
श्री यादव ने कहा कि वोटर लिस्ट किसी के पास नहीं है परन्तु भाजपा के मंत्रियों के पास है, उनके नेताओं के पास है। उन्हें कैसे मिल गई? किसी कम्पनी को हायर किया होगा। तभी मंत्री के वायस से कॉलिंग हो रही है। यह बिना डेटा हासिल किए नहीं हो सकता है। हमारे कार्यकर्ता सावधान और सतर्क रहें। भाजपा का काम धांधली करने का है। हमारे पास अयोध्या, फैजाबाद के चुनावों की रिकॉर्डिंग है। वायस कॉलिंग को भी रिकॉर्ड कर लें।
श्री अखिलेश यादव ने स्नातक क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आगरा, अलीगढ़ खण्ड से श्री शशांक यादव, लखनऊ से श्रीमती कांति सिंह, इलाहाबाद, झांसी खण्ड से डॉ. मान सिंह, वाराणसी, मिर्जापुर खंड से श्री आशुतोष सिन्हा तथा मेरठ, सहारनपुर से श्री प्रमेन्द्र सिंह तथा शिक्षक क्षेत्र से उम्मीदवार आगरा-अलीगढ़ खंड से डॉ. आकाश अग्रवाल, लखनऊ खंड से श्री सुशील पटेल, गोरखपुर-फैजाबाद से डॉ. संजयन त्रिपाठी, बरेली मुरादाबाद से हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर, वाराणसी-मिर्जापुर से श्री लाल बिहारी यादव तथा मेरठ-गाजियाबाद खंड से श्री नितिन तोमर प्रत्याशी है। उन्होंने इन सभी को जिताने की और उनकी मदद करने की भी अपील की।
श्री यादव ने कहा कि सच्चाई तो यह है कि बेरोजगारी और महंगाई बढ़ाने वाले देश के सबसे बड़े दुश्मन है। इन्होंने बैंक डुबो दिए। किसान की आय दुगनी नहीं हुई, उसे गरीब बनाया। ये जो एलडीए विभाग है, ये करप्शन का विभाग है। ये पैसा इकट्ठा करता है। इसे भाजपा के लोगों ने भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। सरकार अपने को गिरने से बचा रही है। विकास दुबे की गाड़ी नहीं पलटी, सरकार बचाई गई। भाजपाई सिर्फ अपनी सरकार बचाने में श्रद्धा रखते हैं। जांच में कई अधिकारियों और लोगों के नाम आ सकते है।
श्री यादव ने कहा कि जो भेदभाव करता है वह सनातनी नहीं हो सकता है। जो सच नहीं बोलता, जिसे दूसरों के प्रति प्रेम नहीं है वह सनातनी कैसे हो सकता है? उन्होंने कहा कि भाजपाई तो श्रद्धा और आस्था दोनो से ही खिलवाड़ कर देते हैं। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि खुद मुख्यमंत्री जी की कुर्सी सुरक्षित नहीं है। जनता इस बार मुख्यमंत्री जी की कुर्सी छीनने जा रही है। वे कुर्सी बचाने के लिए कुछ भी कह सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आजम खान साहब के साथ बड़े पैमाने पर अन्याय किया है। उनकेा न्याय दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी लगातार काम करती रहेगी। शिक्षामित्र वाली आधी-अधूरी योजना भी भाजपा ने शुरू की थी, हम उन्हें पूरा शिक्षक बनाकर सरकारी नौकरी देने का काम करेंगे।
श्री यादव ने कहा कि आरक्षण, हक और सम्मान केवल समाजवादी पार्टी ही दे सकती है। एसआईआर को लेकर जो दावे थे उसके बावजूद एक व्यक्ति के 4 वोट निकलना, 10 वोट निकलना इसका क्या मतलब है। उन्होंने कहा कि जिस गणना पर करोड़ो खर्च हुए 29 बीएलओ की जाने गई, अब निर्वाचन आयोग स्वीकार करता है कि यह छोटी-मोटी गलती है यह छोटी, मोटी नहीं, बहुत मोटी गलती है। सबसे बड़ी उपलब्धि पीडीए प्रहरी की यह है कि इलेक्शन कमीशन ने अपनी गणना में गलतियां स्वीकार कर रहा है। पूरा देश जानता है कि भाजपा जब हारने लगती है, तो वह चुनाव आयोग से मिल जाती है। दिल्ली में जंतर मंतर ही हटा दिया। चुनाव आयोग भाजपा से मिलकर काम करता है