नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने लोहरामऊ और दाउदनगर का किया निरीक्षण, सफाई और जलनिकासी तेज करने के निर्देश

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

– बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर, नालों और सेप्टिक टैंकों की सफाई प्राथमिकता पर कराने के निर्देश
– जोन-3 और जोन-6 में 60 पंपों से जलनिकासी, 12 टीएमएक्स मशीनों से डीसिल्टिंग और करीब 22 किलोमीटर गलियों में फॉगिंग

लखनऊ। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने गुरुवार को फैजुल्लागंज क्षेत्र के लोहरामऊ और दाउदनगर का निरीक्षण कर बाढ़ का पानी उतरने के बाद की जा रही सफाई, जलनिकासी और अन्य आवश्यक कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में सफाई अभियान तेजी से चलाया जाए तथा जहां जलस्तर कम हो गया है, वहां मड पंप लगाकर डीसिल्टिंग का कार्य प्राथमिकता से कराया जाए।

नगर आयुक्त ने सड़कों, गलियों और नालियों में जमा मिट्टी, कीचड़ एवं गंदगी हटाने, नालों और सेप्टिक टैंकों की सफाई कराने तथा जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

जोन-3 और जोन-6 में 60 पंपों से जलनिकासी

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलभराव दूर करने के लिए जोन-3 और जोन-6 में कुल 60 पंप लगाए गए हैं। इनमें जोन-3 के फैजुल्लागंज क्षेत्र में 40 डीजल और 8 इलेक्ट्रिक सहित कुल 48 पंप तथा जोन-6 में 12 डीजल पंपों की सहायता से पानी निकालने का कार्य किया जा रहा है।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर अभी भी पानी जमा है, वहां उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर जलनिकासी कराई जाए। जलस्तर कम होने वाले क्षेत्रों में मड पंपों की सहायता से मिट्टी और सिल्ट हटाने का कार्य तेजी से पूरा किया जाए, ताकि गलियों और रास्तों को आवागमन के योग्य बनाया जा सके।

*12 टीएमएक्स मशीनों से नालों और सेप्टिक टैंकों की सफाई*

जोन-3 और जोन-6 में 12 टीएमएक्स डिसिल्टिंग मशीनों के माध्यम से नालों में जमा सिल्ट निकालने और सफाई का कार्य कराया जा रहा है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में सेप्टिक टैंकों की सफाई तथा जहां पानी के साथ सिल्ट जमा है, वहां भी सफाई कराई जा रही है।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि जलनिकासी व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाली गंदगी और सिल्ट को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए। सफाई कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में पानी की निकासी और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे।

*जोन-3 में 67 एकड़ क्षेत्र में ड्रोन से एंटी लार्वा छिड़काव*
फैजुल्लागंज क्षेत्र में मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण के लिए तीन ड्रोन की सहायता से लगभग 67 एकड़ क्षेत्र में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया है। इसके अतिरिक्त पांच मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों और 15 बैटरी चालित एंटी लार्वा मशीनों का उपयोग किया जा रहा है।

फॉगिंग के लिए चार बड़ी और 10 छोटी मशीनें लगाई गई हैं। वहीं, छह टैंकरों के माध्यम से सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव कराया जा रहा है। इन कार्यों का उद्देश्य बाढ़ के बाद मच्छरों के प्रकोप को नियंत्रित करना और मच्छरजनित बीमारियों की आशंका कम करना है।

*जोन-6 में फॉगिंग और सफाई कार्य जारी*
जोन-6 के प्रभावित क्षेत्रों में मच्छर नियंत्रण के लिए सात बड़ी और 24 छोटी फॉगिंग मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। नियमित सफाई के साथ ब्लीचिंग पाउडर, चूना, मैलाथियान और एंटी लार्वा का प्रयोग भी कराया जा रहा है।

कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था के लिए 176 थ्री-व्हीलर वाहन घर-घर से कूड़ा एकत्र कर रहे हैं। इसके अलावा लगभग 55 टाटा ऐस वाहन, आठ ट्रैक्टर और आठ मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें लगाई गई हैं। नगर निगम की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में सफाई और कूड़ा उठान के कार्यों को व्यवस्थित रूप से संचालित कर रही हैं।

*करीब 22 किलोमीटर की गलियों में फॉगिंग*
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए करीब 22 किलोमीटर की गलियों में फॉगिंग कराई गई है। इसके साथ ही एंटी लार्वा छिड़काव, ब्लीचिंग पाउडर और चूने के प्रयोग तथा नियमित सफाई के माध्यम से प्रभावित बस्तियों में स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि जलस्तर कम होने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में सफाई अभियान तेज किया जाए। नालियों, सेप्टिक टैंकों और जलभराव वाले स्थानों की सफाई के साथ रास्तों को आवागमन योग्य बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

*स्वच्छ पेयजल और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा पर जोर*
बाढ़ प्रभावित परिवारों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पेयजल की उपलब्धता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के साथ सफाई एवं स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

नगर निगम की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में जलनिकासी, सफाई, कूड़ा उठान, डीसिल्टिंग और मच्छर नियंत्रण के कार्य लगातार कर रही हैं। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, जलभराव वाले स्थानों पर कूड़ा न डालें और पीने के पानी की स्वच्छता संबंधी सावधानियों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *