यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी
– जोन-3 और जोन-7 में कार्रवाई, सामान जब्त कर वसूला गया जुर्माना
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को व्यापक स्तर पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य प्रमुख मार्गों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
जोन-3 में महादेव होटल से वर्मा पेट्रोल पंप तक चला अभियान
नगर निगम जोन-3 में जोनल अधिकारी श्री मनोज कुमार यादव के निर्देश पर 296 टीम के सहयोग से महादेव होटल से डिवाइडर रोड होते हुए वर्मा पेट्रोल पंप तक अवैध अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी कब्जों को हटाया गया तथा दो गुमटियां, एक लोहे का काउंटर जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त 25 से 30 झोपड़पट्टियों को हटाने की कार्रवाई की गई। नगर निगम द्वारा अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 11 हजार 800 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
*जोन-7 में पॉलीटेक्निक से कमता तक हटाया गया अतिक्रमण*
वहीं जोन-7 के जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में पॉलीटेक्निक चौराहे से कमता क्षेत्र तक नालियों, नालों और सड़कों की दोनों पट्टियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे रखे गए सामान और अस्थायी ढांचों को हटाया गया। नगर निगम टीम ने मौके से 2 कुर्सियां, 2 सिलेंडर, 2 भगोने एवं 6 स्टूल जब्त किए। इसके अलावा 4 लोहे के काउंटर, 5 ठेले, 4 ठेलियां तथा 1 गुमटी को हटाया गया। अभियान के दौरान कर अधीक्षक श्री विनय मौर्य, ईटीएफ टीम एवं 296 टीम के कर्मचारी मौजूद रहे।