यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– जानकीपुरम विस्तार और गुडंबा क्षेत्र में कार्रवाई, एक ठेला भी जब्त
लखनऊ: शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ द्वारा गुरुवार को सघन अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
इसी क्रम में जोन-3 में जोनल अधिकारी श्री मनोज यादव के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम द्वारा व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सेक्टर-2 जानकीपुरम विस्तार स्थित भिटौली चौराहे के पास सब्जी मंडी क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। इसके साथ ही गुडंबा थाने से लगी चटोरी गली और 23 नंबर तिराहा मार्ग पर पटरी दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध कब्जों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
नगर निगम टीम ने अभियान के दौरान कुल 45 अवैध दुकानों को हटवाया तथा एक ठेला जब्त किया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को भविष्य में सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा न करने की चेतावनी भी दी।