यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
शारदीय नवरात्रि की महासप्तमी के पावन अवसर पर आज जन भवन, लखनऊ के प्रांगण में 5100 से अधिक कन्याओं का पूजन कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की आयोजक संस्था ‘प्रेरणा’ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोज कराया तथा चुनरी एवं दक्षिणा भेंट की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। बच्चों ने माँ दुर्गा पर आधारित नृत्य-नाट्य प्रस्तुति तथा ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ भजन पर भावपूर्ण प्रस्तुतियां दी। जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘मनुष्य तू बड़ा महान है’ गीत प्रस्तुत कर मानवीय मूल्यों एवं जीवन की महत्ता का संदेश दिया।
राज्यपाल जी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने इन प्रस्तुतियों के लिए बच्चों को तैयार करने वाले शिक्षकों, प्रशिक्षकों एवं संस्था के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में राज्यपाल जी ने जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय की गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यालय में बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार की गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं, जिनसे उनकी अंतर्निहित प्रतिभा, सृजनात्मकता एवं कौशल को निखरने का अवसर मिलता है। इन गतिविधियों से बच्चों में अपनी संस्था एवं परिवार के प्रति अपनत्व की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे ऐसे परिवारों से आते हैं,जहाँ कुछ कमियां रहती है। ऐसे में उन्हें बेहतर अवसर एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।
राज्यपाल जी ने आज के आयोजन के लिए संस्था ‘प्रेरणा’ की सराहना करते हुए कहा कि जन भवन में इस प्रकार के कई कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। जन भवन का विशाल प्रांगण, सुंदर हरियाली एवं स्वच्छ वातावरण बच्चों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को ऐसे वातावरण में आने, सीखने और अपनी प्रतिभा को अभिव्यक्त करने के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने बताया कि जन भवन में 15 अगस्त, 26 जनवरी तथा विभिन्न त्योहारों के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसके साथ ही बच्चों के लिए खेलकूद की गतिविधियाँ तथा क्रिकेट और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की जाती हैं, जिनमें विद्यालय के विद्यार्थियों को सम्मिलित किया जाता है। जन भवन में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली पुष्प प्रदर्शनी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें एक लाख से अधिक बच्चे, महिलाएँ, किसान एवं अन्य लोग सहभागिता करते हैं। प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित भी किया जाता है। उन्होंने किसानों को धरती पुत्र बताते हुए उनके श्रम एवं योगदान का सम्मान करने की आवश्यकता पर बल दिया।
राज्यपाल जी ने जन भवन में विकसित किए गए फाउंटेन, परिसर को शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने तथा बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक वातावरण तैयार करने की पहल का भी उल्लेख किया। उन्होंने गंगोत्री से गंगासागर तक चार धाम यात्रा से संबंधित स्थलों तथा पंचतंत्र जैसे ज्ञानवर्धक विषयों का उल्लेख करते हुए बच्चों को प्रेरित किया कि वे इन स्थलों एवं विषयों से जुड़ी जानकारियाँ प्राप्त करें, भ्रमण करें और अपने अनुभवों पर निबंध लिखें। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा लिखे गए निबंधों में से सर्वश्रेष्ठ निबंधों का चयन कर संबंधित विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
राज्यपाल जी ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने, जीवन में एक अच्छा इंसान बनने तथा अपने माता-पिता की सेवा और उनका सम्मान करने की प्रेरणा दी। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।