महापौर सुषमा खर्कवाल ने फैजुल्लागंज में घर-घर जाकर लिया बाढ़ प्रभावितों से फीडबैक, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

– अस्थायी कैंप कार्यालय में भी सुनीं स्थानीय निवासियों की समस्याएं, लापरवाही पर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

लखनऊ। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय निवासियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के लिए महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने बुधवार को फैजुल्लागंज में घर-घर जाकर लोगों से फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद फैजुल्लागंज स्थित अस्थायी कैंप कार्यालय में भी लोगों की शिकायतें सुनीं।

स्थानीय निवासियों से बातचीत के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

महापौर ने कहा कि जोन-3 और जोन-6 के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को राहत पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का समाधान करना नगर निगम की प्राथमिकता है। प्रभावित क्षेत्रों में सफाई, दवाओं के छिड़काव, पेयजल की उपलब्धता और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करें और स्थानीय निवासियों की जरूरतों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।

महापौर ने कहा कि अस्थायी कैंप कार्यालय स्थापित करने का उद्देश्य प्रभावित नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका समाधान कराने की प्रक्रिया को गति देना है। घर-घर जाकर लोगों से फीडबैक लेने के माध्यम से समस्याओं की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा रहा है, ताकि संबंधित विभागों के स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इस मौके पर अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्त जी, जोनल अधिकारी जोन-3 श्री अजीत राय जी समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *