15वें वित्त एवं अवस्थापना निधि के कार्यों के चयन को लेकर मा० महापौर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

लखनऊ। माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में बुधवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय में 15वें वित्त एवं अवस्थापना निधि के अंतर्गत कराए जाने वाले विकास कार्यों के चयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा शहर की आवश्यकताओं और नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यों के चयन पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जलकल, पर्यावरण, स्ट्रीट लाइट एवं अभियंत्रण विभाग से संबंधित विकास कार्यों पर चर्चा की गई। अधिकारियों से विभागवार आवश्यक कार्यों की जानकारी ली गई तथा प्राथमिकता के आधार पर प्रस्ताव तैयार करने पर विचार किया गया।

महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने कहा कि विकास कार्यों का चयन शहर की जरूरतों और आम नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, जिनसे नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें और शहर की व्यवस्थाओं में सुधार हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित विभाग अपने-अपने क्षेत्र की आवश्यकताओं का आकलन कर प्रस्तावित कार्यों की सूची तैयार करें। कार्यों के चयन में जनहित, आवश्यकता और उपयोगिता को प्राथमिकता दी जाए, ताकि उपलब्ध धनराशि का उपयोग प्रभावी ढंग से किया जा सके।

बैठक में अपर नगर आयुक्त श्री अभिनव रंजन श्रीवास्तव जी, श्री पंकज श्रीवास्तव जी, श्री अरुण कुमार गुप्त जी, डॉ. अरविंद कुमार राव जी, मुख्य वित्त एवं लेखा अधिकारी श्री महामिलिंद लाल जी, जीएम जलकल श्री कुलदीप सिंह जी, मुख्य अभियंता सिविल श्री महेश वर्मा जी, मुख्य अभियंता आरआर श्री मनोज प्रभात जी, अधिशासी अभियंता एलडीए, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *