ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
जोन-1, जोन-4 और जोन-7 में किया निरीक्षण
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री और लखनऊ जनपद के प्रभारी, आदरणीय श्री सुरेश खन्ना जी ने शुक्रवार सुबह नगर निगम की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उनके साथ लखनऊ की माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल भी उपस्थित रहीं। मंत्री जी ने जोन-1 में सफाई व्यवस्था की खराब स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की, जबकि जोन-4 और जोन-7 में सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई। जोन-1 में सफाई व्यवस्था में थोड़ी लापरवाही पाए जाने पर अधिकारियों के खिलाफ प्रभारी मंत्री ने कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों का पालन करते हुए नगर आयुक्त महोदय ने जोन-1 के जोनल अधिकारी, एस एफ आई और सुपरवाइजर समेत कार्यदायी संस्था पर कार्रवाई की है।
जोन-1 में सफाई व्यवस्था पर मंत्री जी ने जताई नाराजगी
मंत्री ने जोन-1 के हजरतगंज रामतीरथ वार्ड और विक्रमादित्य महात्मा गांधी वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हजरतगंज के नरही क्षेत्र में गंदगी, अतिक्रमण और सफाई व्यवस्था में लापरवाही देखने को मिली। इस पर मंत्री जी ने नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त को संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके विपरीत, विक्रमादित्य महात्मा गांधी वार्ड में सफाई व्यवस्था अच्छी पाई गई। हालांकि, वहां के स्थानीय नागरिकों ने सीवर की समस्या को लेकर शिकायत की, जिस पर मंत्री जी ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
जोन-4 और जोन-7 में मिली संतोषजनक सफाई व्यवस्था
जोन-4 में मंत्री जी ने मारुतिपुरम का निरीक्षण किया, जहां सफाई व्यवस्था दुरुस्त पाई गई। इसी तरह, जोन-7 के स्माइलगंज-2 वार्ड में निरीक्षण किया गया, जहां सफाई व्यवस्था तो संतोषजनक थी, लेकिन स्थानीय निवासियों ने सड़कों की खराब हालत को लेकर मंत्री जी से अनुरोध किया। मंत्री जी ने इस समस्या पर संज्ञान लेते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
नगर निगम के अधिकारियों की उपस्थिति
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह, समस्त अपर नगर आयुक्त, चीफ इंजीनियर, जोनल अधिकारी समेत नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। मंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए ताकि नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके
निरीक्षण के दौरान मंत्री जी ने साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए और आवश्यक सुधार करने को कहा। उनके इस औचक निरीक्षण से यह स्पष्ट संकेत मिला कि सरकार स्वच्छता के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और लखनऊ की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है
इन पर हुई कार्रवाई
मंत्री के निर्देशों पर नगर आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह ने जोन-1 में निरीक्षण के दौरान मिली गंदगी पर कार्रवाई करते हुए जोन-1 के जोनल अधिकारी राजेश वर्मा, एसएफआई मुकेश और सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही 3 दिन के वेतन कटौती के भी आदेश दिए गए हैं। नगर आयुक्त महोदय ने इस मामले में कार्यदायी संस्था वर्षा इंटरप्राइजेज पर भी 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।