प्रदेश जनहित खबर पोर्टल यूट्यूब चैनल लखनऊ
सह संपादक कपिल गुप्ता
देवगांव कोतवाली पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक को पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया। पूछताछ में दूसरे बदमाश ने कई जानकारियां दीं।
आजमगढ़ के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कपसेठा-चेवार रोड पर सोमवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने शातिर अपराधी दीपक कुमार को घायल कर गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथी सुरेश कुमार को भी हिरासत में लिया गया।
उक्त अपराधियों ने चार थानों में पांच लूट की घटना को अंजाम दिया है, जिसका पुलिस ने खुलासा कर दिया।
देवगांव कोतवाली कोतवाली पुलिस को सोमवार की सुबह करीब 2.10 बजे जरिए मुखबीर सूचना पर कपसेठा-चेवार रोड पर पुलिस ने आरोपियों को घेर लिया। मुठभेड़ के दौरान दीपक कुमार के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथी सुरेश कुमार को भी पुलिस ने धर दबोचा।
दोनों आरोपी शामली जिले के झींझाना थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से 20 हजार 400 रुपये नकद, आभूषण, तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। यह सामान विभिन्न लूट और चोरी की घटनाओं से जुड़े हुए हैं।
खुलासा और हुईं वारदातें
पुलिस ने इस कार्रवाई में तीन लूट और 2 चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश किया।
1 मार्च 2025: थाना देवगांव क्षेत्र के खनियरा गांव में अशोक कुमार सिंह से 15,000 रुपये की छिनतई।
12 जुलाई 2024: थाना मेहनगर के शेखुपुर पुलिया के पास एक महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने की घटना।
6 सितंबर 2024: थाना अतरौलिया में बीएसएनएल टावर के पास एक महिला से सोने की चेन की छिनतई।
21 नवंबर 2024: थाना बरदह क्षेत्र में एक घर से सोने-चांदी के आभूषण और 60,000 रुपये की चोरी।
6 नवंबर 2024: थाना देवगांव के नंदापुर से मोटरसाइकिल चोरी।
पेशेवर तरीके से रेकी कर करते थे अपराध
पूछताछ में दीपक और सुरेश ने बताया कि वे पेशेवर तरीके से रेकी कर अपराध करते थे। उन्होंने लूटे गए आभूषणों को कम कीमत पर बेच दिया था। मंगलसूत्र 14,000 रुपये और सोने की चेन 15,000 रुपये में बेचने की बात कबूल की। चोरी की बाइक को बनारस में बेचने की योजना थी, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण वे भाग गए थे।
दीपक कुमार और सुरेश कुमार का आपराधिक इतिहास लंबा है। दोनों के खिलाफ आजमगढ़ के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और हथियार अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं।