नगर निगम ने चलाया अतिक्रमण विरोधी अभियान, अस्थाई दुकानों और ठेलों को हटाया गया

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संस्थापक संपादक प्रवीण सैनी

लखनऊ नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाने हेतु विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान नगर आयुक्त महोदय के निर्देशानुसार विभिन्न वार्डों में एक साथ संपन्न हुआ, जिसमें अस्थाई अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ चेतावनी भी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वार्ड कन्हैया माधवपुर प्रथम में जोनल अधिकारी जोन 6 के नेतृत्व में बालागंज चौराहे से एकता नगर चौराहे तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान 8 ठेले, 5 अस्थाई दुकानों को हटाया गया। इसके अतिरिक्त एक बैंड-बाजा वाली गाड़ी, 5 कैरेट, एक लोहे का स्टूल, 5 टायर, एक फ्लैक्स बोर्ड और एक प्लास्टिक की कुर्सी जब्त की गई। अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई कि वे पुनः उस स्थान पर अतिक्रमण न करें। साथ ही, भविष्य में ऐसी गतिविधियाँ न हों इसके लिए क्षेत्रीय थानाध्यक्ष को भी पत्र प्रेषित किया गया है।

इस कार्यवाही में जोनल अधिकारी जोन 6 श्री मनोज यादव, कर अधीक्षक श्री विजय शंकर, कर निरीक्षक श्री धर्मदेव और 296 टीम की उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर सघन निगरानी के साथ कार्यवाही को सफलतापूर्वक संपन्न किया।

इसी क्रम में जोन-7 में जोनल अधिकारी श्री आकाश कुमार के नेतृत्व में मुंशीपुलिया चौराहे से मेट्रो स्टेशन होते हुए माही मेडिकल तक अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान 2 ठेले, 2 ठेलियाँ, 1 गुमटी और 1 लोहे का काउंटर हटाया गया। इसके साथ ही हिम सिटी पार्ट-1, देवा रोड, चिनहट स्थित दो स्थलों पर बने रैंपों को भी तोड़ा गया। अतिक्रमणकारियों को पुनः अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई।

यह अभियान कर अधीक्षक श्री राम अचल, सहायक अभियंता श्री अशोक कुमार सिंह, अवर अभियंता श्रीमती शिल्पी सिंह, ई.टी.एफ. टीम और 296 टीम की उपस्थिति में संचालित किया गया।

नगर निगम का यह प्रयास शहर को स्वच्छ, सुचारू और अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *