मस्तेमऊ में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, दस करोड़ की सरकारी भूमि अतिक्रमण से मुक्त

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर और आसपास के क्षेत्रों में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की गई। इस अभियान के अंतर्गत ग्राम मस्तेमऊ, तहसील सरोजनी नगर क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए करीब 1.113 हेक्टेयर सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया। मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव के निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी (सम्पत्ति) श्री रामेश्वर प्रसाद तथा तहसीलदार नगर निगम लखनऊ श्री अरविन्द पाण्डेय द्वारा गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, ग्राम मस्तेमऊ (तहसील मोहनलालगंज) स्थित गाटा संख्या 1151 (क्षेत्रफल 0.721 हे०), 1150 (0.316 हे०) तथा 1170 मि (0.076 हे०) की भूमि राजस्व अभिलेखों में नवीन परती के रूप में दर्ज है। इन शासकीय भूमियों पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था, जिससे नगर निगम की संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा था।

सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके का निरीक्षण किया और जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध रूप से बनाई गई बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान टीम का नेतृत्व नायब तहसीलदार श्री तेजस्वी प्रकाश ने किया। अभियान में नगर निगम के लेखपाल श्री राजू सोनी ने भी सहयोग करते हुए आवश्यक राजस्व अभिलेख और जानकारी उपलब्ध कराई।

नगर निगम के अनुसार, इस कार्रवाई के तहत कुल 1.113 हेक्टेयर बेशकीमती सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है। यह भूमि भविष्य में जनहित के कार्यों और विकास परियोजनाओं के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा चलाया जा रहा यह अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और जहां कहीं भी इस तरह के मामले सामने आएंगे, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *