डॉ. राजेश्वर सिंह ने 250 माली भाइयों को किया सम्मानित, विशेष गार्डनिंग किट वितरण कार्यक्रम में बांटी प्रीमियम किट एवं टी-शर्ट

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

-डॉ. राजेश्वर सिंह का हरित सरोजनीनगर संकल्प मजबूत, पर्यावरण संरक्षण के ‘हरित प्रहरियों’ को दिया सम्मान

-डॉ. राजेश्वर सिंह ने निराश्रित एवं विधवा महिलाओं के प्रति संवेदनशील पहल को दिया विस्तार, अब तक 17 परिवारों को ₹1-₹1 लाख की आर्थिक सहायता

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने आशियाना स्थित आवास पर आयोजित “विशेष गार्डनिंग किट वितरण कार्यक्रम” के अंतर्गत सरोजनीनगर क्षेत्र के 250 समर्पित माली भाइयों को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रीमियम गार्डनिंग किट एवं टी-शर्ट वितरित की। श्री पीताम्बरा बंगलामुखी सिद्धपीठ उत्तराखंड ट्रस्ट, एनवायरनमेंट वॉरियर्स एवं ग्रीन स्माइल सोसाइटी के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले कर्मयोगियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक बना।

इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि हरित भविष्य का निर्माण केवल संकल्पों से नहीं, बल्कि उन लोगों के सतत प्रयासों से होता है जो प्रतिदिन प्रकृति की सेवा में जुटे रहते हैं। उन्होंने कहा कि माली समाज वास्तव में पर्यावरण संरक्षण के प्रथम योद्धा हैं, जिनकी भूमिका आज पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

डॉ. सिंह ने कहा कि बीते वर्षों में भूजल स्तर में लगातार गिरावट, वृक्षों की कटाई, तालाबों के सूखने तथा जल संरक्षण की चुनौतियों के बीच समाज को पर्यावरण के प्रति अधिक जिम्मेदार बनने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों में बागवानी को बढ़ावा देने, कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस कार्यक्रम में सामाजिक संवेदनशीलता का परिचय देते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने दो विधवा एवं निराश्रित परिवारों को ₹1-₹1 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की। सहिजनपुर निवासी स्वर्गीय काजल रावत जी की सड़क दुर्घटना में असामयिक मृत्यु के उपरांत उनके परिजनों को ₹1 लाख का चेक प्रदान किया गया। वहीं बलसिंह खेड़ा निवासी स्वर्गीय अनुज कुमार यादव के निधन के बाद उनकी पत्नी श्रीमती महक यादव को भी ₹1 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

डॉ. राजेश्वर सिंह की इस सहायता पहल के अंतर्गत पूर्व में अधिवक्ताओं की 10 विधवा महिलाओं सहित अब तक कुल 17 विधवा एवं निराश्रित माताओं तथा परिवारों को ₹1-₹1 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक संवेदनशीलता, दोनों एक विकसित और मानवीय समाज की नींव हैं तथा सरोजनीनगर को हरित, स्वच्छ और संवेदनशील क्षेत्र बनाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *