उत्तर प्रदेश “बाहुबली युग” से आगे बढ़कर “बायो युग” की ओर अग्रसर है : राजनाथ सिंह

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

लखनऊ, 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड (बीसीएमएल) एवं लखनऊ छावनी बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में “बायोयुग ग्रीन कमांड-2026” का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रहे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लिए बायोप्लास्टिक के उपयोग को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि पारंपरिक प्लास्टिक से उत्पन्न माइक्रोप्लास्टिक मानव स्वास्थ्य, जल, भूमि एवं समुद्री जीवन के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने कहा कि गन्ने से निर्मित पीएलए (पॉली लैक्टिक एसिड) आधारित बायोप्लास्टिक पर्यावरण के अनुकूल विकल्प है, जो प्राकृतिक रूप से विघटित होकर मिट्टी में मिल जाता है और प्रदूषण नहीं फैलाता।

रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गन्ना आधारित बायो-इकोनॉमी को बढ़ावा मिल रहा है और प्रदेश “बाहुबली युग” से आगे बढ़कर “बायो युग” की ओर अग्रसर है। उन्होंने बलरामपुर चीनी मिल्स द्वारा शुरू की गई इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ेगी, आयातित कच्चे माल पर निर्भरता घटेगी तथा आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में बीसीएमएल और लखनऊ छावनी बोर्ड के बीच बायोप्लास्टिक अपनाने को लेकर साझेदारी का औपचारिक शुभारंभ हुआ। साथ ही बायोप्लास्टिक वैल्यू चेन पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया तथा 3डी प्रिंटिंग प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली आईटीआई की छात्राओं को सम्मानित किया गया।

बीसीएमएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक विवेक सरावगी ने कहा कि बायोमटेरियल्स भविष्य की अर्थव्यवस्था का आधार बनेंगे, जबकि एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर अवंतिका सरावगी ने इसे किसानों, उद्योग और पर्यावरण के लिए लाभकारी बताते हुए भारत के हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, विधायक ओपी श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री सलाहकार अवनीश अवस्थी, बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड (बीसीएमएल)अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) विवेक सरावगी, बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड (बीसीएमएल)कार्यकारी निदेशक (ईडी) अवंतिका सरावगी, मनोज सिंह, अपर मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश सरकार वीणा मीना, संयुक्त सचिव (चीनी) भारत सरकारअश्विनी श्रीवास्तव सहित गणमान्य गण उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *