यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– नगर आयुक्त गौरव कुमार की मौजूदगी में परियोजनाओं, सड़क सुधार, नाला कनेक्टिविटी, मानसून तैयारियों और रोड कटिंग की हुई समीक्षा
लखनऊ। माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने बुधवार शाम स्मार्ट सिटी कार्यालय में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी के साथ नगर निगम के अभियंत्रण विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर में संचालित विकास कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं, सड़क सुधार, नाला-नाली कनेक्टिविटी, मानसून तैयारियों, जल निकासी व्यवस्था, रोड कटिंग और विभिन्न वित्तीय मदों से कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य अभियंता सिविल श्री महेश वर्मा जी सहित समस्त अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता उपस्थित रहे। महापौर जी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा अभियंता नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करें।
*15वें वित्त आयोग और अवस्थापना निधि के कार्यों की समीक्षा*
महापौर जी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 15वें वित्त आयोग और अवस्थापना निधि से स्वीकृत कार्यों की वर्तमान प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कार्यों की अद्यतन स्थिति और उपयोगिता प्रमाण-पत्रों का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।
*सीएम ग्रिड के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश*
बैठक में सीएम ग्रिड के अंतर्गत कराए जा रहे सड़क और फुटपाथ निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। महापौर जी ने परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति, निर्धारित समय-सीमा और उपयोगिता प्रमाण-पत्रों की स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
*प्रमुख परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट मांगी*
महापौर जी ने सीएनडीएस एवं नगर निगम द्वारा कराए जा रहे मैंगो पार्क, वूमेन हॉस्टल, श्वान वन, मियावाकी वन, नगर निगम मुख्यालय और मनोरथा गौशाला सहित प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक परियोजना की भौतिक प्रगति और संभावित पूर्णता तिथि सहित अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
*नालियों की कनेक्टिविटी और जल निकासी व्यवस्था पर विशेष जोर*
शहर में विभिन्न मदों से निर्मित नालियों की कनेक्टिविटी की समीक्षा करते हुए महापौर जी ने निर्देश दिए कि सभी नवनिर्मित नालियों को आपस में अथवा मुख्य नालों से समुचित रूप से जोड़ा जाए, जिससे जल प्रवाह सुचारु रहे और बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्रवार निरीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*नियमित फील्ड निरीक्षण करेंगे अभियंता*
महापौर जी ने जेई, एई और नगर अभियंताओं को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अभियंताओं की मौके पर उपस्थिति आवश्यक है। अधिकारी स्वयं कार्यों की निगरानी करें, स्थानीय समस्याओं को चिन्हित करें और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराएं।
*स्वच्छ सर्वेक्षण के दृष्टिगत सड़कों के किनारे से हटेगा निर्माण मलबा*
आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को देखते हुए महापौर जी ने सड़कों के किनारे पड़े निर्माण मलबे को प्राथमिकता से हटाने के निर्देश दिए। अभियंत्रण विभाग को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
*डूडा के कार्यों की भी हुई समीक्षा*
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान डूडा द्वारा कराए गए कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। महापौर जी ने पूर्ण, प्रगतिधीन और शेष कार्यों का अलग-अलग विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे सभी कार्यों की प्रभावी निगरानी की जा सके।
*मानसून तैयारियों और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश*
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने मानसून के दृष्टिगत शहर की जल निकासी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने साफ कराए गए छोटे-बड़े नालों का मौके पर सत्यापन करने, जल प्रवाह सुनिश्चित करने तथा बाढ़ पम्पिंग स्टेशनों का नियमित निरीक्षण और परीक्षण कर उन्हें पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी ने समस्त अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों के गड्ढों को प्राथमिकता से भरा जाए, आवश्यकता के अनुसार पैचवर्क कराया जाए तथा टूटे या खुले नाला-नाली के ढक्कनों को तत्काल ठीक कराया जाए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान नागरिक सुरक्षा और सुचारु जल निकासी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।
*अनधिकृत रोड कटिंग पर एफआईआर और सामान जब्ती के निर्देश*
वर्षा ऋतु के दृष्टिगत जुलाई और अगस्त माह में रोड कटिंग पर रोक के निर्देशों की समीक्षा करते हुए महापौर जी ने अधिकारियों से शहर में इसकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
इस पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी ने समस्त अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जांच करें। जहां कहीं भी बिना अनुमति रोड कटिंग का कार्य किया जा रहा हो, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाए तथा मौके पर मौजूद सामान एवं उपकरण जब्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि मानसून अवधि में सड़कों की सुरक्षा और नागरिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
*समस्याओं का समयबद्ध समाधान और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश*
बैठक के अंत में महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने मुख्य अभियंता सहित समस्त नगर अभियंताओं, सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को नियमित फील्ड निरीक्षण करने, समस्याओं को समय रहते चिन्हित करने और शिकायत की प्रतीक्षा किए बिना आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों, नालियों, पुलियों, पम्पिंग स्टेशनों और निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए। मानसून के दौरान जलभराव की रोकथाम, नागरिक सुरक्षा और विकास कार्यों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागीय अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें।