यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
रिपोर्टर अजीत सिंह सलोंन रायबरेली
सलोन, रायबरेली। राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को स्कूल से घर लौट रहे साइकिल सवार दो छात्रों को स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी। हादसा बंगाली ढाबा के पास उस समय हुआ, जब दोनों छात्र सड़क पार कर रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों छात्र कार के बोनट पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
शरबादपुर मजरा मखदूमपुर निवासी शिवदीप (15) पुत्र छोटेलाल और नितिन(12) पुत्र कड़ेदीन सर्वोदय इंटर कॉलेज के छात्र हैं। कार चालक लक्ष्मी शंकर पुत्र जगन्नाथ, निवासी सरायमनिक, थाना डीह ने दोनों घायलों को सीएचसी सलोन पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. रूपेश जायसवाल ने बताया कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण नितिन को जिला अस्पताल रायबरेली रेफर किया गया है, जबकि शिवदीप का उपचार सीएचसी में चल रहा है।
कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।