न्याय से उपचार तक: डॉ. राजेश्वर सिंह ने प्लास्टिक सर्जनों के योगदान को किया नमन

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी

विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने वॉकाथॉन को दिखाई हरी झंडी

सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने बुधवार को लखनऊ गोल्फ क्लब में एसजीपीजीआईएमएस के प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न्स विभाग द्वारा आयोजित विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस जागरूकता वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने जलने की घटनाओं की रोकथाम, सही प्राथमिक उपचार तथा पुनर्निर्माण (रिकंस्ट्रक्टिव) प्लास्टिक सर्जरी के महत्व पर व्यापक जनजागरूकता का आह्वान किया।

डॉ. सिंह ने कहा कि प्लास्टिक सर्जरी केवल सौंदर्य बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एसिड अटैक पीड़ितों, अग्निदुर्घटना एवं सड़क दुर्घटना के घायलों, जन्मजात विकृतियों से पीड़ित बच्चों, कैंसर एवं गंभीर चोटों के मरीजों के जीवन में नई आशा और आत्मविश्वास का संचार करती है।

उन्होंने अपने पुलिस सेवा काल की एक एसिड अटैक घटना का उल्लेख करते हुए कहा, “हमने अपराधी को गिरफ्तार कर पीड़िता को न्याय दिलाया, लेकिन प्लास्टिक सर्जनों ने उसका चेहरा, आत्मविश्वास और जीवन फिर से संवार दिया। तभी से इस चिकित्सा शाखा के प्रति मेरा सम्मान असीम है।”

उन्होंने बताया कि विश्वभर में प्रतिवर्ष लगभग 1.8 लाख लोगों की मृत्यु जलने की घटनाओं से होती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जलने पर घाव को लगभग 20 मिनट तक साफ बहते पानी से ठंडा करें, टूथपेस्ट, घी, मक्खन, बर्फ या अन्य घरेलू नुस्खे न लगाएं तथा साफ कपड़े से ढककर तुरंत अस्पताल पहुंचें।

डॉ. सिंह ने कहा कि विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस की शुरुआत भारत से हुई, जो वर्ष 2011 में नेशनल प्लास्टिक एंड रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी डे के रूप में प्रारंभ होकर 2021 में वैश्विक अभियान बना।

उन्होंने एसजीपीजीआईएमएस के प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न्स विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव अग्रवाल एवं उनकी पूरी टीम को इस जनजागरूकता अभियान और मरीजों के प्रति समर्पित सेवाओं के लिए बधाई दी। साथ ही केजीएमयू के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. तुलिका चंद्रा की उपस्थिति का स्वागत करते हुए ट्रॉमा केयर एवं प्लास्टिक सर्जरी में रक्तदान और ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

डॉ. सिंह ने लखनऊ गोल्फ क्लब के सचिव श्री रजनीश सेठी का विशेष आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में श्री विजय शर्मा, श्री हरीश सिद्धार्थ, करण जी सहित चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर, गोल्फर, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

समापन में डॉ. सिंह ने सभी से बर्न अवेयरनेस एम्बेसडर बनने का आह्वान करते हुए संदेश दिया—

“जलने पर ठंडा पानी डालें, जीवन बचाएँ। जलन रोकें, जीवन बचाएँ। मुस्कान लौटाएँ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *