प्रदेश जनहित खबर उत्तर प्रदेश
-दूसरों को अलग-अलग सीटों से चुनाव लड़ने की चुनौती देने वाले सपा प्रमुख स्वयं मथुरा या लखनऊ से चुनाव लड़ें: डॉ. राजेश्वर सिंह
लखनऊ | सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि दूसरों को चुनावी चुनौती देने के बजाय सपा प्रमुख को स्वयं चुनावी मैदान में उतरकर अपनी राजनीतिक ताकत साबित करनी चाहिए।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव कभी अयोध्या से तो कभी किसी दूसरी सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती देते नजर आते हैं। उन्हें भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्मभूमि मथुरा या उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से चुनाव लड़कर अपनी राजनीतिक ताकत दिखानी चाहिए। लखनऊ वह शहर है, जहां अखिलेश यादव अपना अधिकांश समय बिताते हैं। ऐसे में प्रदेश की राजधानी से चुनाव लड़ना उनके लिए अपनी राजनीतिक स्वीकार्यता और जनाधार साबित करने का अवसर होगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में प्रदेश की जनता ने अखिलेश यादव को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। इस जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश में सक्रिय रहकर जनता के सवालों का सामना करना चाहिए, न कि प्रदेश से बाहर की राजनीति में अधिक समय बिताना चाहिए।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि राजनीति में दूसरों को चुनौती देना आसान है, लेकिन जनता का विश्वास जीतना, जनहित के मुद्दों पर जवाबदेही सुनिश्चित करना और मिली हुई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाना ही वास्तविक नेतृत्व की पहचान है। सपा प्रमुख को अपनी राजनीतिक ऊर्जा बयानबाजी के बजाय प्रदेश की जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान में लगानी चाहिए।