बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सफाई और स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान तेज, 70 एकड़ में ड्रोन से एंटी लार्वा छिड़काव

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

– जोन-3 के फैजुल्लागंज में 44 एकड़ और जोन-6 के सैथा व हयात नगर में 26 एकड़ क्षेत्र में हुआ छिड़काव
– हयात नगर, दौलतखेड़ा, दाउदनगर, लोहरामऊ और मिल्लत नगर सहित प्रभावित इलाकों में सफाई, ब्लीचिंग और नालियों की सफाई का कार्य जारी

लखनऊ। बाढ़ का पानी उतरने के साथ ही लखनऊ नगर निगम द्वारा नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्रों में सफाई और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े कार्य तेज कर दिए गए हैं। जलभराव से प्रभावित इलाकों में मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण और मच्छरजनित बीमारियों की आशंका कम करने के उद्देश्य से एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। इसके साथ ही ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव, नालियों की सफाई तथा झाड़ियों की कटाई जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं।

नगर निगम द्वारा ड्रोन के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में एंटी लार्वा का छिड़काव भी कराया गया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जोन-3 और जोन-6 में कुल 70 एकड़ क्षेत्र में ड्रोन से एंटी लार्वा का छिड़काव किया गया।

*जोन-3 के फैजुल्लागंज में 44 एकड़ में छिड़काव*
जोन-3 के अंतर्गत फैजुल्लागंज में ड्रोन के माध्यम से 44 एकड़ क्षेत्र में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। इसके अतिरिक्त घैला रोड पर टैंकर की सहायता से एंटी लार्वा का छिड़काव किया गया।

दाउदनगर की 60 फीट रोड पर सोडियम हाइपोक्लोराइट और ब्लीचिंग का छिड़काव कराने के साथ सफाई तथा झाड़ियों की कटाई कराई गई। लोहरामऊ और पतंग मैदान में भी ड्रोन के माध्यम से एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। गणेश बाग, सन्मंत विहार और मिल्लत नगर में भी ड्रोन से दवा का छिड़काव किया गया।

मामा कॉलोनी और पुराने दाउदनगर में जलस्तर कम होने के बाद सूख चुकी गलियों में ब्लीचिंग का छिड़काव और सफाई कार्य कराया गया। यहां नालियों की सफाई, घास और झाड़ियों की कटाई सहित अन्य आवश्यक कार्य भी किए गए।

*जोन-6 में सैथा और हयात नगर में 26 एकड़ में छिड़काव*
जोन-6 के अंतर्गत सैथा में 18 एकड़ और हयात नगर में 8 एकड़ क्षेत्र में ड्रोन से एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। इस प्रकार जोन-6 में कुल 26 एकड़ क्षेत्र को कवर किया गया।

हयात नगर, सैथा, टांड़खेड़ा और दौलतखेड़ा में जलभराव वाले क्षेत्रों एवं पानी के किनारे ब्लीचिंग पाउडर, चूने और एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। हरि नगर और मिश्री की बगिया में भी आवश्यक सफाई एवं स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी कार्य किए गए।

इसके अतिरिक्त हयात नगर और दौलतखेड़ा में सड़क किनारे की नालियों की सफाई कराई गई, जिससे जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायता मिल सके।

*जलभराव के बाद स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष ध्यान*
बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में जमा गंदगी, कीचड़ और मच्छरों के प्रजनन की आशंका को देखते हुए नगर निगम द्वारा सफाई एवं स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एंटी लार्वा छिड़काव के साथ ब्लीचिंग पाउडर, चूने और सोडियम हाइपोक्लोराइट का प्रयोग किया जा रहा है। वहीं, नालियों की सफाई और झाड़ियों की कटाई के माध्यम से प्रभावित इलाकों को स्वच्छ बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

नगर निगम की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति के अनुसार कार्य कर रही हैं, ताकि बाढ़ के बाद स्वच्छता बनाए रखने और मच्छरजनित बीमारियों की आशंका कम करने में सहायता मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *