यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
समाजवादी पार्टी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा अभी भी वोटर लिस्ट में हेराफेरी, धांधली, वोट की डकैती कर रही है। भाजपा विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर वोट की धांधली करना चाहती है। समाजवादी पार्टी जैसे-जैसे वोटरलिस्ट की पड़ताल कर रही है, हर दिन वोटर लिस्ट में धांधली की नई-नई आश्चर्यजनक जानकारियां मिल रही है। सरोजनीनगर, आजमगढ़ से लेकर पीलीभीत तक विभिन्न विधानसभाओं में मतदाता सूची को लेकर अलग-अलग तरीके के मामले आ रहे हैं। अभी नई जानकारी आ रही है कि एक नाम की कई जिलों में इन्ट्री है।
श्री यादव ने वोटरलिस्ट को आधार से जोड़ने की मांग करते हुए कहा कि वोटर लिस्ट की सुधार के साथ-साथ बायोमेट्रिक रीडिंग के लिए हर बूथ पर मशीने उपलब्ध करायी जानी चाहिए। हर बूथ पर बायोमेट्रिक डेटा पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड ऐसा बने जिसे कोई नकल करके न बना सके।
सोमवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि अगर वोटर लिस्ट में सुधार और तकनीक का प्रयोग नहीं होता है तो इसका मतलब है कि भाजपा और चुनाव आयोग के दिल दिमाग में धांधली और वोट चोरी है। एसआईआर के माध्यम से चल रही वोट फिक्सिंग बंद होनी चाहिए। अगर इस पर रोक नहीं लगी तो आम जनता का भरोसा चुनाव आयोग से उठ जाएगा।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि सभी दल मतदाता सूची की धांधली को पकड़ने में लग गये हैं, मामले उजागर हो रहे हैं, सभी ने चुनाव आयोग को घेर लिया है। तब चुनाव आयोग कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था है। उसके पास संसाधन है। आयोग को सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी मतदाता का नाम नहीं छूटे और कोई वोट गलत भी न बने। वोट बनाते समय किसी का दो, तीन या कई-कई वोट नहीं बनना चाहिए। चुनाव आयोग को इसकी व्यवस्था करनी पड़ेगी। जब इतनी तकनीक है तो उसका सहारा लेकर चुनाव आयोग मतदाता सूची को ठीक कर सकता है, कमियों को दूर कर सकता है। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि एक मतदाता सुनीता पत्नी राजेश उम्र 42 वर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि इनके वोट की एक जिले में 420 इन्ट्री है। इनके नाम से प्रदेश की वोटर लिस्ट में 2341 इन्ट्री मिल रही है। दूसरा राजकुमारी पत्नी राजकुमार इनकी इन्ट्री 315 है, इनकी पूरे प्रदेश की मतदाता सूची में टोटल इन्ट्री 1627 इन्ट्री है। ये लोग मतदाता सूची के साथ क्या कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार ने पंचायत चुनाव इसीलिए नहीं होने दिया क्योंकि इनकी हेराफेरी और चोरी पकड़ी जाती। प्रधान और प्रधान पद के प्रत्याशी हर मतदाता को पहचानते हैं। भाजपा ने पूरा साजिश षड्यंत्र करके प्रधानी का चुनाव नहीं होने दिया।
श्री अखिलेश यादव ने संवैधानिक संस्थाओं पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि संस्थाओं के मन में भी दरारवादी सोच आ रही है। उन्होंने कहा कि आज देश की हिन्दुस्तानियत और भाईचारा को बचाना है। हिन्दुस्तानियत बचेगी तभी लोकतंत्र और संविधान बचेगा।
घुसपैठियों को लेकर सवाल के जवाब श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा कौन सा चुनाव बिना घुसपैठियों के लड़ती है। बिहार, पष्चिम बंगाल से लेकर मध्य प्रदेश तक भाजपा घुसपैठियों नाम लेकर चुनाव लड़ती है, लेकिन घुसपैठियों की सूची कहां है। घुसपैठियों को कौन डिफाइन करेगा। इनकी नीयत दरारवादी है। ये सब भाजपा के अंडरग्राउंड, अनरजिस्टर्ड लोगों की कार्यशाला से निकलती है। उसके बाद इसे राजनीतिक प्लेटफार्म पर लाया जाता है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि चीन सीमा पर अतिक्रमण कर रहा है। अरुणाचल प्रदेश सीमा, लेह, लद्दाख में घुसपैठ हो रहा है। वे भी तो घुसपैठियां है। उनको कौन डिफाइन करेंगे। जब चुनाव आता है तो भाजपा को घुसपैठियां याद आते हैं। दस साल से देश की सीमाएं असुरक्षित हैं। भाजपा सरकार नौकरी, रोजगार नहीं दे रही है। आरक्षण के साथ खिलवाड़ हो रहा हैै। भाजपा संविधान का हक छीन रही है। देश में सबसे खराब कानून व्यवस्था उत्तर प्रदेश की है। हत्याएं हो रही हैं। महिलाओं के साथ घटनाएं हो रही है। हिरासत में मौतें हो रहीं हैं। मुख्यमंत्री जी के शहर गोरखपुर में जिसने उनके ऊपर केस किया था उसकी जेल में जान चली गयी। यह कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। यह सरकार सवाल से डरती है। जो सवाल से डरता है वह लोकतंत्र को कमजोर करता है।
श्री यादव ने कहा कि आपत्तिजनक पोस्टर लगवाने का गोरखधंधा कौन चला रहा है। इसके पीछे कौन है? पैसा कौन लगा रहा है लेकिन ये लोग पोस्टर लगाकर जितना अपमान करेंगे, दुष्प्रचार करेंगे, पीडीए उतना ही एकजुट होगा और मजबूत होगा। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर हैं। सत्रह हजार करोड़ के ठेके परसेंटेज लेकर मैनेज हो गए। कम्पनियों से मिलकर मैनेज कर लिया। भाजपा बिल्डिरों से मिली हुई है।
उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी ने हाईकोर्ट की बिल्डिंग बनायी हैं। सपा सरकार में अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर बनवाए जाएंगे। समाजवादी पार्टी ने अधिवक्ताओं के लिए पहले भी काम किया है, आगे भी करेंगे