मतदान नहीं करेंगे तो लोकतंत्र और नीति-निर्माण में आपकी आवाज़ कमजोर होगी”—डॉ. राजेश्वर सिंह

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उनके द्वारा बुलाई गई बैठक में 100 से अधिक आरडब्ल्यूए अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए शहरी मतदाताओं से मतदान प्रतिशत बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान से दूरी लोकतंत्र और नीतिगत फैसलों में अपनी आवाज़ को कमजोर करना है।

बैठक में डॉ. सिंह ने सभी 150 आरडब्ल्यूए को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आरडब्ल्यूए में ओपन जिम, लाइब्रेरी और सौर ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से वर्षा जल संचयन की व्यवस्था अपनाने और अपनी सोसाइटियों में सोलर पैनल लगाने की भी अपील की।

डॉ. सिंह ने घोषणा की कि अगले वर्ष अंतर-आरडब्ल्यूए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि निवासियों को खेलों में भागीदारी और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले।

उन्होंने कहा कि शहरी मतदाताओं को पर्यावरण और प्रदूषण नियंत्रण, शहरी विकास, रक्षा एवं विदेश नीति तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी दूरगामी नीतियों पर अपनी राय लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से रखनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में एमएसपी, पेंशन और सब्सिडी जैसे विषय अधिक प्रमुख हो सकते हैं; इसलिए बजट और नीति-निर्माण में शहरों सहित सभी क्षेत्रों की आवाज़ का प्रतिनिधित्व जरूरी है।

डॉ. सिंह ने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से अपने-अपने परिसरों में “I Voted” सेल्फी वॉल लगाने, निवासियों को मतदान के लिए प्रेरित करने और मतदान दिवस को छुट्टी मनाने के बजाय लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाने का दिन बनाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि ब्रिटेन में महिलाओं को पुरुषों के समान मताधिकार 1928 में मिला। भारत में संविधान लागू होने के साथ सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार की व्यवस्था अपनाई गई और पहले आम चुनाव 1951–52 में हुए। डॉ. सिंह ने कहा, “भारत ने प्रत्येक वयस्क नागरिक को लोकतंत्र में भागीदारी का अधिकार दिया। हमारा कर्तव्य है कि हम उस अधिकार का सम्मान करें और मतदान अवश्य करें।”

बैठक के अंत में उन्होंने सभी आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से नागरिकों को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक करने और अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने में सहयोग देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *