यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति में आज कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली के अवसर पर जन भवन परिसर स्थित गंगोत्री से गंगासागर में श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ दीपदान एवं गंगा आरती का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल जी ने विधिवत पूजन-अर्चन किया तथा माँ गंगा की आरती में सहभागिता कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्रसाद भी वितरित किया।
कार्यक्रम में जन भवन के अधिकारियों, कार्मिकों एवं अध्यासितगणों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए दीप प्रज्वलित किए तथा सामूहिक रूप से माँ गंगा की आरती की। दीपों की स्वर्णिम आभा और भक्तिमय वातावरण से संपूर्ण जन भवन परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सकारात्मकता से आलोकित हो उठा।
कार्तिक पूर्णिमा भारतीय संस्कृति, आस्था एवं आध्यात्मिक चेतना का विशिष्ट पर्व है। इस पावन अवसर पर स्नान, दान, दीपदान एवं पूजा-अर्चना की प्राचीन परंपरा रही है। दीपदान अज्ञान से ज्ञान, निराशा से आशा तथा अंधकार से प्रकाश की ओर अग्रसर होने का प्रतीक है।
इस अवसर पर जन भवन के सुरक्षा कर्मियों द्वारा आकर्षक गरबा नृत्य की प्रस्तुति भी की गई, जिसने आयोजन में उल्लास एवं सांस्कृतिक रंगों का समावेश किया।
जन भवन परिसर में आयोजित इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ने अधिकारियों एवं कार्मिकों को भारतीय परंपराओं से जुड़ने, सामूहिक सहभागिता तथा आध्यात्मिक चेतना की अनुभूति का अवसर प्रदान किया।