यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
मथुरा जनपद के फरह क्षेत्र स्थित गौ ग्राम परखम के “दीनदयाल धाम” में, पंडित दीनदयाल उपाध्याय गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र (दीनदयाल कामधेनु गौशाला परिसर) में लोकार्पण एवं शिलान्यास का भव्य और ऐतिहासिक समारोह सम्पन्न हुआ।
श्रीमत्परमहंस परिव्राजकाचार्य श्रोत्रिय ब्रह्मनिष्ठ अनन्तश्रीविभूषित जूनापीठाधीश्वर आचार्यमहामण्डलेश्वर पूज्यपाद श्री स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज “पूज्य आचार्यश्री जी” सहित अनेक विभूतियाँ समारोह में उपस्थित रहीं !
गौ-संरक्षण एवं संवर्धन, गोवंश-आधारित अनुसंधान, आयुर्वेद, पंचगव्य चिकित्सा तथा आधुनिक शैक्षणिक एवं चिकित्सा सुविधाओं के विकास की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। ये पहलें भारतीय ज्ञान-परम्परा, स्वदेशी चिकित्सा पद्धति और गौ-विज्ञान को अनुसंधान तथा उच्च शिक्षा से जोड़ने का सार्थक प्रयास हैं।
इस अवसर पर आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केन्द्र तथा श्री नन्देश्वर छात्रावास का विधिवत लोकार्पण हुआ। इन संस्थानों से आयुर्वेद, पंचगव्य और गौ-आधारित अनुसंधान को प्रोत्साहन मिलेगा तथा विद्यार्थियों को अध्ययन एवं शोध के लिए उत्कृष्ट सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
शिलान्यास की गई परियोजनाएँ –
भविष्य की शैक्षणिक एवं चिकित्सीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु-चिकित्सा महाविद्यालय (वेटरनरी कॉलेज), बालक छात्रावास, मॉलिक्यूलर लैब तथा आवासीय परिसर का विधिवत भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर यह केन्द्र गौ-विज्ञान, आयुर्वेद, पशु-चिकित्सा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक और शोध संस्थान के रूप में विकसित होगा।
गणमान्यजनों की सहभागिता –
समारोह में सन्त समाज, धर्माचार्यों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सहभागिता की। उपस्थित प्रमुख विभूतियों में सम्मिलित रहे, सुरेश सोनी क्षेत्र प्रचारक महेंद्र राजस्थान भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार पुष्कर सिंह धामी , मुख्यमंत्री, उत्तराखण्ड, शिवराज सिंह चौहान , केन्द्रीय कृषि मंत्री
अनंतश्रीविभूषित पूज्य निरंजनी पीठाधीश्वर आचार्यमहामण्डलेश्वर श्री स्वामी कैलाशानन्द गिरि जी महाराज, ,डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी, प्रतिकुलपति, देवसंस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार एवं प्रमुख, अखिल विश्व गायत्री परिवार , पूज्य श्री स्वामी शिवचन्द दास जी महाराज, माननीय श्री धर्मपाल जी, कैबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश, माननीय श्री उपेन्द्र जी, उच्च शिक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश ,माननीय श्री एस. पी. सिंह बघेल जी, केन्द्रीय राज्यमंत्री (पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज) आदरणीया श्रीमती बेबीरानी मौर्य जी, उत्तराखण्ड की पूर्व राज्यपाल , डॉ. उमेश शर्मा जी, वेटरनरी काउंसिल ऑफ इंडिया।
अपने उद्बोधन में पूज्य आचार्यश्री ने गौ-महिमा, सेवा, संरक्षण और वैज्ञानिक उपयोगिता पर प्रेरक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता के प्रति श्रद्धा और सेवा की जो परम्परा रही है, उसे आधुनिक विज्ञान, अनुसंधान एवं शिक्षा से जोड़ने वाली ये परियोजनाएँ गोवंश के संरक्षण और संवर्धन को नई दिशा देंगी। साथ ही कृषि, आरोग्य, पर्यावरण-संरक्षण और आत्मनिर्भर ग्रामीण भारत के निर्माण में भी इनका महत्वपूर्ण योगदान होगा।
विद्यार्थियों एवं शिक्षाविदों की व्यापक उपस्थिति रही , विभिन्न तकनीकी एवं शैक्षणिक महाविद्यालयों के हजारों विद्यार्थी, प्राध्यापक और शिक्षाविद इस आयोजन में सम्मिलित हुए। उनकी उत्साहपूर्ण सहभागिता ने समारोह को विशेष गरिमा और व्यापक शैक्षणिक आयाम प्रदान किया।
समग्र रूप से यह आयोजन गौ-संरक्षण, भारतीय कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था, आयुर्वेद, पंचगव्य चिकित्सा और वैज्ञानिक अनुसंधान के समन्वित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सनातन संस्कृति की गौ-निष्ठा को विज्ञान, शोध और शिक्षा से जोड़ने वाली ये परियोजनाएँ भविष्य में समाज एवं राष्ट्र के लिए बहुआयामी रूप से उपयोगी सिद्ध होंगी