ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 का सोमवार को भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम में किया, जहाँ खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
उद्घाटन समारोह के तुरंत बाद पहला मुकाबला महापौर XI और मीडिया XI के बीच खेला गया। मैच से पूर्व महापौर ने दोनों टीमों के कप्तानों को शुभकामनाएँ दीं और कहा कि खेल समाज को जोड़ने का माध्यम है, तथा स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण अभियान को आगे बढ़ाने में यह प्रभावी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए बताया कि नगर निगम इस आयोजन को जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में सम्पन्न कर रहा है, ताकि खेल के साथ स्वच्छता का संदेश भी मजबूती से स्थापित हो सके।
महापौर ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, और ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोग प्रेरित होते हैं तथा स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ती है।
कार्यक्रम में माननीय कार्यकारिणी उपाध्यक्ष श्रीमती चरनजीत गांधी, पार्षद दल के उप नेता श्री सुशील तिवारी ‘पम्मी’, विभिन्न वार्डों के माननीय पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। सभी ने नगर निगम की इस पहल को सराहा और इसे स्वच्छता व खेल दोनों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
टूर्नामेंट के आगामी दिनों में कुल चार टीमें जिसमें महापौर XI, नगर आयुक्त XI, जलकल XI और मीडिया XI भाग ले रही हैं, जिससे शहर में खेल और स्वच्छता दोनों का उत्साह निरंतर बना रहेगा।