लखनऊ में सिंगल यूज़ प्लास्टिक और गंदगी फैलाने वालों पर नगर निगम की कड़ी कार्रवाई

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

– शर्मा चाय द्वारा गंदगी फैलाए जाने पर जोन 1 की टीम ने की कार्यवाही

लखनऊ। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ा अभियान लगातार जारी है। गुरुवार को शहर के विभिन्न जोनों—जोन 1, जोन 6, जोन 8 और जोन 7—में संयुक्त रूप से स्वच्छता व प्रवर्तन अभियान चलाया गया, जिसके तहत कई प्रतिष्ठानों और व्यक्तियों पर जुर्माना लगाया गया।

*जोन 1 में दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, ₹17,000 का दंड*

जोन 1 में जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री कुलदीपक के नेतृत्व में एसएफआई श्री सुनील वर्मा द्वारा पुराने एलडीए ऑफिस बाल्मीकि मार्ग पर स्थित शर्मा चाय पर सार्वजनिक स्थल पर गंदगी फैलाने के आरोप में ₹15,000 का जुर्माना लगाया गया। इसी क्षेत्र में खस्ता की दुकान लगाने वाले सुनील कुमार पर भी सड़क किनारे गंदगी फैलाने के लिए ₹2,000 का दंड लगाया गया।

*जोन 6 में 10 लोगों पर कार्रवाई, ₹5,200 वसूले*

जोन 6 में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 10 व्यक्तियों के चालान किए गए। इनसे कुल ₹5,200 जुर्माना वसूला गया। निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी कि बार-बार उल्लंघन करने वालों पर और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

*जोन 8 में गंदगी और पॉलिथीन पर दोहरी कार्रवाई*

जोन 8 में गंदगी फैलाने पर 8 चालान किए गए और कुल ₹4,200 का जुर्माना वसूला गया। इसी जोन में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें दुकानदारों एवं राहगीरों से ₹12,000 का दंड वसूला गया। अधिकारी ने बताया कि पॉलिथीन प्रतिबंध के उल्लंघन पर किसी भी परिस्थिति में छूट नहीं दी जाएगी।

*जोन 7 में पॉलिथीन पर सख्ती, ₹21,500 का दंड*

जोन 7 में भी पॉलिथीन के उपयोग के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान दो चरणों में कार्रवाई करते हुए कुल ₹10,000 और ₹11,500 यानी कुल ₹21,500 का जुर्माना वसूला गया। टीम ने बाजार क्षेत्रों में जागरूकता के साथ-साथ कड़ी प्रवर्तन कार्रवाई भी की।

नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने कहा कि शहर को स्वच्छ, प्लास्टिक मुक्त और पर्यावरण सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान आगे भी सतत जारी रहेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें और पॉलिथीन का इस्तेमाल न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *