अवैध अतिक्रमण पर नगर निगम का सख्त रुख, दो जोनों में चला सघन अभियान

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने सोमवार को सघन और बहुस्तरीय अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना रहा।

नगर निगम के जोन-05 क्षेत्र में कानपुर रोड स्थित स्कूटर इंडिया से नादरगंज चौराहे तक बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों द्वारा लगाए गए अस्थायी अवैध ठेले, ठेलिया, खुमचे, गुमटी एवं काउंटर हटाए गए। कार्रवाई के दौरान कुल 08 ठेले, 06 गुमटी और 04 काउंटर हटाए गए, जबकि 01 गैस सिलेंडर जब्त किया गया। साथ ही संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई। अभियान के दौरान गंदगी फैलाने और पॉलीथीन के उपयोग के विरुद्ध 1000 रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया।

यह अभियान जोनल अधिकारी जोन-05 श्री विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। अभियान में कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक श्री पियूष तिवारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुभाष चौधरी, प्रवर्तन दल (296) तथा पुलिस बल की सक्रिय भागीदारी रही। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

इसी क्रम में जोन-08 क्षेत्र में भी अवैध अस्थायी अतिक्रमण तथा अवैध होल्डिंग, बैनर और पोस्टर के विरुद्ध वृहद अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी जोन-08 श्री विकास सिंह के नेतृत्व में वृंदावन गेट से पीजीआई तक, पीजीआई से हैवतमऊ मवैया तक तथा सेक्टर-1 के आसपास अवैध रूप से लगाए गए ठेले और खोपचे हटाए गए। इस दौरान 01 लोहे की गुमटी, 04 स्टैंडिंग बोर्ड, 01 लोहे की मेज, 01 लोहे का स्टूल, 01 कढ़ाई और 01 गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान जब्त किया गया।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *