जोन सातमें सिंगल यूज प्लास्टिक और गंदगी के खिलाफ नगर निगम का सघन अभियान,

Spread the love

ब्राम्ह अनुभूति अखबार यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर शहर में स्वच्छता बनाए रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से मंगलवार को जोन-7 क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाया गया। यह अभियान प्रतिबंधित पॉलीथीन के प्रयोग और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के तहत संचालित किया गया।

जोन-7 के अंतर्गत नगर आयुक्त महोदय के निर्देशों के क्रम में जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री अजीत कुमार राय के नेतृत्व में पॉलीटेक्निक चौराहा, चिनहट तिराहा एवं अयोध्या मार्ग के आसपास विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग, दुकानों में पॉलीथीन के भंडारण तथा गंदगी फैलाने के मामलों की गहन जांच की गई।

इस कार्रवाई में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री रूपेन्द्र भास्कर, श्री बृजेश प्रजापति, श्रीमती संचिता मिश्रा, लखनऊ स्वच्छता अभियान प्रा. लि. की टीम, प्रवर्तन दल (296) तथा एटीएफ टीम की सक्रिय भागीदारी रही। संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जहां प्रतिबंधित पॉलीथीन का उपयोग पाया गया।

जांच के दौरान गुप्ता कचौड़ी भंडार, काफी अड्डा, शहीद कॉम्प्लेक्स, अल नवाज मुरादाबादी बिरयानी, रॉयल जनरल स्टोर एवं लखनऊ नवाबी सहित कई प्रतिष्ठानों में सिंगल यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित पॉलीथीन पाए जाने पर कार्रवाई की गई। मौके पर ही दुकानों के अंदर से लगभग 20 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथीन जब्त की गई।

नियमों के उल्लंघन पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना अधिरोपित किया गया। प्रतिबंधित पॉलीथीन और प्लास्टिक के उपयोग पर 50,000 रुपये तथा गंदगी फैलाने के मामलों में 1,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल 51,000 रुपये का जुर्माना अभियान के दौरान वसूला गया।

नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें और स्वच्छता नियमों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की पुनरावृत्ति पाए जाने पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे स्वच्छ लखनऊ के निर्माण में सहयोग करें और प्लास्टिक मुक्त शहर की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *